हरिद्वार

जामताड़ा की तर्ज पर साइबर ठगी का नया अड्डा बना बिहार का ‘मगध’! हरिद्वार पुलिस ने नालंदा–नवादा से हरिद्वार तक फैले ‘मगध साइबर गैंग’ का किया भंडाफोड़

हरिद्वार। उत्तराखण्ड पुलिस मुख्यालय के साइबर क्राइम हॉटस्पॉट अभियान के तहत हरिद्वार पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए नालंदा-नवादा से जुड़े कथित “मगध साइबर गैंग” का भंडाफोड़ किया है। श्यामपुर पुलिस ने संदिग्ध Swift कार की चेकिंग के दौरान पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया। उनके कब्जे से 35 ATM कार्ड, 14 बैंक पासबुक, 17 SIM कार्ड, 18 मोबाइल फोन, 2 लैपटॉप और ₹37,500 की नकदी बरामद हुई।
पुलिस के अनुसार, बरामद डिजिटल सामग्री और बैंकिंग दस्तावेजों की प्रारंभिक जांच में ₹2.75 करोड़ से अधिक के संदिग्ध डिजिटल लेन-देन के सुराग मिले हैं। WhatsApp चैट में बैंक खातों, QR कोड और पैसों के लेन-देन से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी भी सामने आई है।
पूछताछ में सामने आया कि आरोपी स्थानीय लोगों से बैंक खाते, पासबुक, ATM कार्ड और SIM हासिल करते थे। साइबर फ्रॉड की रकम म्यूल खातों में आने के बाद उसे UPI और अन्य खातों के जरिए ट्रांसफर कर ATM/CDM से नकदी निकाली जाती थी। इसके बाद रकम को कमीशन के आधार पर बांटा जाता था।
पुलिस ने बताया कि बरामद पासबुक और ATM कार्ड में SBI, Central Bank of India, Indian Overseas Bank, UCO Bank, Bank of Maharashtra, Indian Bank, Nainital Bank, Canara Bank, PNB, HDFC सहित कई बैंकों का नेटवर्क सामने आया है। जांच में हरिद्वार, ऋषिकेश, कनखल, देहरादून समेत अन्य क्षेत्रों से जुड़े बैंक खातों की जानकारी भी मिली है।
गिरफ्तार आरोपियों में कृष्णा पाण्डे (24), नालंदा; निरंजन कुमार (24), नवादा; सन्नी (21), हरिद्वार; चन्द्रमणि कुमार (24), नवादा और चन्दन पाण्डे (20), हरिद्वार शामिल हैं।
पुलिस अब बैंक खातों की स्टेटमेंट, KYC, ट्रांजैक्शन हिस्ट्री और डिजिटल फॉरेंसिक जांच के जरिए इस नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों और मुख्य संचालकों तक पहुंचने में जुटी है।
आरोपियों के विरुद्ध BNS की धारा 318(4), 317(2), 3(5) तथा IT Act की धारा 66C और 66D के तहत कार्रवाई की गई है।
हरिद्वार पुलिस के अनुसार, साइबर अपराधियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की गहनता से जांच की जा रही है।

पुलिस टीम
इस बड़ी कार्रवाई में SP City अभय सिंह, CO City शिशुपाल नेगी, CO साइबर क्राइम/भगवानपुर सुमित पाण्डे, थानाध्यक्ष नितेश शर्मा, SSI मनोज रावत, SI देवेंद्र तोमर, SI मोहन कठैत, SI गगन मैठाणी, ASI रविन्द्र गौड़, ASI देवेंद्र यादव समेत कोतवाली श्यामपुर, साइबर क्राइम हरिद्वार और SOG की पुलिस टीम शामिल रही।
कार्रवाई में हेड कांस्टेबल नरेंद्र सिंह नेगी, HC 392 प्रमोद कुमार, कांस्टेबल राहुल देव, सुशील चौहान, मनमोहन सैनी, सुदेश खरोला, नीरज बिष्ट, अनिल रावत, जितेंद्र घिल्डियाल, अजय चौहान, संदीप रावत, राजेन्द्र नेगी, कांस्टेबल वसीम, चालक मोहन रावत तथा होमगार्ड विनोद रावत और नितिन चौहान की भी महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Arif Ansari

Chief Editor Dastak 24x7 News

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!