सड़क हादसे में हरिद्वार पुलिस के कांस्टेबल की मौत, विभाग में शोक की लहर

हरिद्वार। कोतवाली झबरेड़ा में तैनात कांस्टेबल चालक प्रमोद कुमार का सड़क दुर्घटना में घायल होने के बाद उपचार के दौरान निधन हो गया। इस दुखद घटना से हरिद्वार पुलिस महकमे में शोक की लहर दौड़ गई। पुलिस विभाग ने दिवंगत जवान को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए शोक संतप्त परिवार के प्रति गहरी संवेदनाएं व्यक्त की हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, 19 अक्टूबर 2026 को कांस्टेबल चालक प्रमोद कुमार कोतवाली झबरेड़ा से ड्यूटी के लिए चौकी इकबालपुर जा रहे थे। इसी दौरान सैदाबाद के पास वह सड़क दुर्घटना का शिकार हो गए। दुर्घटना के बाद उन्हें तत्काल उपचार के लिए रुड़की स्थित विनय विशाल चिकित्सालय ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उनका निधन हो गया।
मंगलवार, 20 अक्टूबर को एसएसपी हरिद्वार सहित पुलिस विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों ने दिवंगत कांस्टेबल चालक को ससम्मान शोक सलामी दी। परिजनों की उपस्थिति में पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें अंतिम विदाई दी गई। इस दौरान पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने दिवंगत आत्मा की शांति तथा शोकाकुल परिवार को इस अपार दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।
कांस्टेबल चालक प्रमोद कुमार वर्ष 1998 में पुलिस विभाग में भर्ती हुए थे। मूल रूप से उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले के निवासी प्रमोद कुमार वर्तमान में अपने परिवार के साथ कोतवाली गंगनहर क्षेत्र में रह रहे थे। उनके निधन से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। वह अपने पीछे पत्नी और तीन बेटियों को छोड़ गए हैं।
हरिद्वार पुलिस परिवार ने इस अपूरणीय क्षति पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए दिवंगत जवान के प्रति श्रद्धांजलि अर्पित की और उनके परिजनों को इस कठिन समय में संबल प्रदान करने की कामना की।



