नाबालिगों के वाहन चलाने पर परिवहन विभाग सख्त, विद्यालयों के आसपास चलाया विशेष अभियान

हरिद्वार। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देश पर परिवहन विभाग ने विद्यालयों के आसपास नाबालिग छात्र-छात्राओं द्वारा दोपहिया वाहन चलाने पर रोक लगाने के लिए विशेष प्रवर्तन अभियान चलाया। अभियान के दौरान संदिग्ध वाहनों की जांच कर उनके पंजीकृत स्वामियों को कारण बताओ नोटिस जारी किए गए। वाहन स्वामियों से तीन दिन के भीतर लिखित स्पष्टीकरण और आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत करने को कहा गया है।
सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) नेहा झा के नेतृत्व में चलाए गए अभियान में एआरटीओ (प्रशासन) निखिल शर्मा और परिवहन कर अधिकारी वरुणा सैनी भी मौजूद रहीं। परिवहन विभाग ने विद्यालय प्रबंधन को नाबालिगों के वाहन लाने पर रोक लगाने और अभिभावकों को जागरूक करने के निर्देश दिए। विभाग ने स्पष्ट किया कि नियमों का उल्लंघन करने पर वाहन स्वामी और अभिभावक के खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई की जा सकती है। अधिकारियों ने कहा कि सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।



