ज्वेलर्स की रेकी कर लूट की वारदात को अंजाम देने वाले तीन शातिर लुटेरे गिरफ्तार, हरिद्वार पुलिस ने किया सनसनीखेज लूटकांड का खुलासा

हरिद्वार। कोतवाली रानीपुर पुलिस ने शिवलोक कॉलोनी में ज्वेलर्स से हुई लूट की वारदात का खुलासा करते हुए तीन शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे और उनकी निशानदेही पर लूटे गए चांदी के सिक्के, सफेद धातु की मूर्ति, पेंडल, एप्पल आईफोन, दस्तावेज, बैग समेत घटना में प्रयुक्त कैंची और स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद की है।
जानकारी के अनुसार, 21 अगस्त 2026 की रात शिवलोक कॉलोनी के पास तीन बदमाशों ने प्रदीप कुमार शर्मा का मोटरसाइकिल से पीछा किया। मौका पाकर बदमाशों ने कैंची से उनके बैग का पट्टा काट दिया और बैग लूटकर फरार हो गए। बैग में करीब 100 ग्राम चांदी के आभूषण, दुकान की चाबियां, एप्पल आईफोन, बीएचईएल मेडिकल कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस समेत अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेज रखे थे।
घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के निर्देश पर कोतवाली रानीपुर पुलिस ने कई टीमें गठित कीं। पुलिस ने सीआईयू हरिद्वार की मदद से घटनास्थल और आसपास के क्षेत्र के डिजिटल साक्ष्य जुटाए और संदिग्धों की तलाश शुरू की।
इसी दौरान 25 अगस्त को पुलिस टीम को मुखबिर से सूचना मिली कि संदिग्ध मोटरसाइकिल पर तीन युवक बीएचईएल के मटेरियल गेट के पास मौजूद हैं। पुलिस ने घेराबंदी कर तीनों को पकड़ लिया। पूछताछ में उनकी पहचान रितिक उर्फ टोपो निवासी गाजियाबाद, सौरभ निवासी बिजनौर और राजीव सैनी उर्फ सागर निवासी पथरी, हरिद्वार के रूप में हुई।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि कांवड़ मेले के दौरान उन्होंने बैरागी कैंप में दुकान लगाई थी। इसी दौरान उन्होंने कनखल क्षेत्र में एक ज्वेलर्स की रेकी शुरू की। 11 अगस्त को भी उन्होंने ज्वेलर्स का पीछा किया था, लेकिन उस दिन वारदात को अंजाम नहीं दे सके। इसके बाद 21 अगस्त को तीनों ने ज्वेलर्स का पीछा करते हुए शिवलोक कॉलोनी पहुंचकर लूट की घटना को अंजाम दिया।
आरोपियों के मुताबिक, बैग छीनने के दौरान जब पीड़ित ने विरोध किया तो उन्होंने कैंची से वार करते हुए उसे जान से मारने की धमकी दी और मौके से फरार हो गए। लूटा गया सामान रितिक उर्फ टोपो के राजा गार्डन, जगजीतपुर स्थित कमरे में रखा गया था। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर कमरे से लूट का सामान बरामद कर लिया।
पुलिस ने बरामदगी के आधार पर मुकदमे में धारा 317(2) और 3(5) बीएनएस की बढ़ोतरी की है। पुलिस के अनुसार मामले में शामिल अन्य तथ्यों की जांच जारी है। गिरफ्तार तीनों आरोपियों को 26 अगस्त को न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।
गिरफ्तार आरोपी: रितिक उर्फ टोपो पुत्र स्वर्गीय बिनोद चौधरी, निवासी ग्राम खंजरपुर, थाना मोदीनगर, जनपद गाजियाबाद, उत्तर प्रदेश, उम्र 22 वर्ष।
सौरभ पुत्र राजेंद्र सिंह, निवासी ग्राम टांडा साहूवाला, थाना बढ़ापुर, जनपद बिजनौर, उत्तर प्रदेश, उम्र 19 वर्ष।
राजीव सैनी उर्फ सागर पुत्र अमृत सैनी, निवासी ग्राम चांदपुर, थाना पथरी, जनपद हरिद्वार, उम्र 21 वर्ष।
पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक मनोहर भण्डारी, व0उ0नि0 नन्द किशोर ग्वाडी, उ0नि0 मंदीप सिंह, अपर उपनिरीक्षक सुबोध घड़ियाल समेत कोतवाली रानीपुर की पुलिस टीम शामिल रही। वहीं सीआईयू टीम में निरीक्षक नरेन्द्र सिंह बिष्ट और कांस्टेबल वसीम शामिल रहे।



