एक्सक्लूसिव खबरेंहरिद्वार

रक्षाबंधन से पहले रिश्तों का कत्ल: भाई ने दो बहनों को मारी गोली, दोनों की मौत

हरिद्वार/रुड़की। रक्षाबंधन से महज तीन दिन पहले रुड़की के गंगनहर कोतवाली क्षेत्र में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली सनसनीखेज वारदात सामने आई है। मंगलवार देर शाम एक भाई ने अलग-अलग स्थानों पर अपनी दो बहनों को गोली मारकर मौत के घाट उतार दिया। वारदात के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।

पहली घटना गणेशपुर क्षेत्र के प्रीत विहार कॉलोनी में हुई, जहां 50 वर्षीय शकुंतला को उसके भाई ने गोली मार दी। गोली लगने से शकुंतला की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस मामले की जांच में जुटी ही थी कि कुछ देर बाद आजाद नगर में भी गोली चलने की सूचना मिली।

पुलिस मौके पर पहुंची तो 48 वर्षीय पुष्पा को गोली मारे जाने की जानकारी मिली। पुष्पा की भी मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका पति संदीप घायल हो गया। लगातार दो स्थानों पर बहनों को गोली मारे जाने की घटना से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।

सूचना मिलते ही गंगनहर कोतवाली प्रभारी मणिभूषण श्रीवास्तव, सिविल लाइंस कोतवाली प्रभारी प्रदीप बिष्ट समेत पुलिस टीम मौके पर पहुंची। गंभीर वारदात की जानकारी मिलते ही सीओ रुड़की ओसीन जोशी और एसपी देहात शेखर चंद सुयाल ने भी घटनास्थलों का निरीक्षण किया।

एसपी देहात शेखर चंद सुयाल ने बताया कि प्रारंभिक जांच में भाई द्वारा दोनों बहनों को गोली मारे जाने की बात सामने आई है। दोनों महिलाओं की मौत हो चुकी है। वारदात के पीछे की वजह की जांच की जा रही है और आरोपी की तलाश के लिए पुलिस की कई टीमें लगाई गई हैं।

रक्षाबंधन से ठीक पहले सामने आए इस दोहरे हत्याकांड ने भाई-बहन के पवित्र रिश्ते को झकझोर कर रख दिया है। घटना के बाद दोनों परिवारों में कोहराम मचा हुआ है। पुलिस अब हत्या की वजह और आरोपी तक पहुंचने के लिए हर पहलू की जांच में जुटी है।

Arif Ansari

Chief Editor Dastak 24x7 News

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!