
हरिद्वार। शहीद दिवस के अवसर पर हरिद्वार पुलिस ने कर्तव्य निर्वहन के दौरान अपने प्राणों का सर्वोच्च बलिदान देने वाले पुलिस कर्मियों को श्रद्धांजलि अर्पित की। पुलिस लाइन रोशनाबाद स्थित शहीद स्मारक पर आयोजित कार्यक्रम में एसएसपी नवनीत सिंह सहित जनपद के पुलिस अधिकारियों और जवानों ने अमर शहीदों को नमन किया।

कार्यक्रम के दौरान शहीद पुलिस कर्मियों के नामों का वाचन किया गया। इसके बाद एसएसपी नवनीत सिंह ने शहीद स्मारक पर पुष्पचक्र अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। जनपद के अन्य पुलिस अधिकारियों ने भी पुष्पचक्र एवं पुष्प अर्पित कर शहीद जवानों के बलिदान को याद किया।

इस दौरान सेरेमोनियल गार्द ने शहीद जवानों को शोक सलामी दी। उपस्थित पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने दो मिनट का मौन रखकर अमर शहीदों के प्रति सम्मान व्यक्त किया।

एसएसपी नवनीत सिंह ने कहा कि शहीदों का बलिदान राष्ट्र सेवा, राष्ट्रीय एकता और सामाजिक सौहार्द बनाए रखने की प्रेरणा देता है। उनकी वीरता और शौर्य गाथाएं आने वाली पीढ़ियों को देशभक्ति एवं कर्तव्यपरायणता के लिए सदैव प्रेरित करती रहेंगी। उन्होंने कहा कि देश और समाज की सुरक्षा के लिए अपने प्राण न्योछावर करने वाले जवानों का योगदान हमेशा याद रखा जाएगा।



