एक्सक्लूसिव खबरेंहरिद्वार

मुठभेड़: ठेका कारोबारी अमन हत्याकांड के बाद रुड़की में पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़, हत्याकांड में शामिल एक बदमाश को लगी गोली

रुड़की। ठेके कारोबारी अमन की हत्या के मामले में रुड़की पुलिस की लगातार जारी कार्रवाई के बीच शनिवार देर रात पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। नगला इमरती के पास हुई मुठभेड़ में पुलिस की जवाबी कार्रवाई के दौरान एक बदमाश गोली लगने से घायल हो गया, जबकि उसके दो साथी मौके से फरार हो गए। फरार बदमाशों की तलाश में पुलिस की कांबिंग जारी है।
पुलिस के अनुसार, अमन हत्याकांड के खुलासे के लिए अलग-अलग पुलिस टीमों का गठन कर लगातार संदिग्धों की तलाश की जा रही थी। इसी दौरान 23 अगस्त 2026 की रात मुखबिर से सूचना मिली कि बाइक सवार तीन संदिग्ध क्षेत्र में मौजूद हैं। सूचना पर पुलिस टीम ने उनका पीछा किया और नगला इमरती के पास उन्हें घेरकर पकड़ने का प्रयास किया।
पुलिस का कहना है कि घिरता देख बाइक सवार बदमाशों ने पुलिस पार्टी पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश सौरभ पुत्र देशराज, निवासी ढंडेरा गोली लगने से घायल हो गया। घायल को उपचार के लिए रुड़की अस्पताल लाया गया, जहां पुलिस अधीक्षक अपराध एवं पुलिस अधीक्षक ग्रामीण द्वारा अस्पताल पहुंचकर घायल अभियुक्त से पूछताछ की जा रही है।
पूछताछ के दौरान घायल सौरभ ने पुलिस को बताया कि कल हुई अमन की हत्या में वह अपने दो अन्य साथियों के साथ शामिल था। इस बयान के बाद पुलिस फरार दोनों आरोपियों की तलाश में जुट गई है।
मौके से फरार दोनों बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों द्वारा संभावित ठिकानों पर दबिश देने के साथ ही आसपास के क्षेत्र में कांबिंग की जा रही है। वहीं, मुठभेड़ की सूचना मिलते ही उच्च अधिकारी भी मौके के लिए रवाना हुए।
पुलिस अब मुठभेड़ के साथ-साथ अमन हत्याकांड में शामिल अन्य आरोपियों की भूमिका, हत्या के कारण और वारदात में इस्तेमाल हथियार व वाहन के संबंध में भी जांच आगे बढ़ा रही है।

Arif Ansari

Chief Editor Dastak 24x7 News

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!