उत्तराखंडएक्सक्लूसिव खबरेंहरिद्वार

ज्वालापुर मंडी में अतिक्रमण हटाने के साथ रोजगार को बढ़ावा, पारदर्शी तरीके से हुआ दुकानों का आवंटन

हरिद्वार। ज्वालापुर मंडी में मंडी परिषद उत्तराखंड के अध्यक्ष अनिल कुमार डब्बू के नेतृत्व में अतिक्रमण के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई के साथ-साथ व्यापारियों के लिए रोजगार के नए अवसर भी तैयार किए जा रहे हैं। अतिक्रमण हटाए गए स्थलों पर मंडी परिषद द्वारा तीन दर्जन से अधिक दुकानों का निर्माण कराया गया है, जिनका आवंटन लाइसेंसधारी व्यापारियों को किया गया है।
दरअसल, मंडी में बड़ी संख्या में ऐसे व्यापारी थे, जिनके पास मंडी में कारोबार करने का वैध लाइसेंस तो था, लेकिन दुकान उपलब्ध नहीं होने के कारण वे अपना व्यवसाय शुरू नहीं कर पा रहे थे। ऐसे व्यापारियों के लिए दुकानों का निर्माण रोजगार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित हुआ है।
मंडी अध्यक्ष अनिल कुमार डब्बू के मार्गदर्शन में मंडी सचिव लवकेश गिरी द्वारा दिन-रात की गई मेहनत से न केवल मंडी को व्यवस्थित और अतिक्रमण मुक्त बनाने की दिशा में काम हुआ, बल्कि बेरोजगारी की कगार पर खड़े लाइसेंसधारी व्यापारियों को भी व्यवसाय का अवसर मिला।
दुकानों के आवंटन में पारदर्शिता का विशेष ध्यान रखा गया। इसके लिए बाकायदा समिति गठित की गई और लॉटरी सिस्टम के माध्यम से पात्र व्यापारियों को दुकानें आवंटित की गईं। पारदर्शी प्रक्रिया अपनाए जाने के बावजूद कुछ लोगों द्वारा सवाल उठाए जा रहे हैं, लेकिन निष्पक्ष आवंटन प्रक्रिया यह स्पष्ट करती है कि किसी भी प्रकार के दबाव या दलाली के बजाय पात्रता और पारदर्शिता को प्राथमिकता दी गई है।
ज्वालापुर मंडी में हो रहा यह प्रयास व्यापार व्यवस्था को बेहतर बनाने के साथ स्थानीय व्यापारियों के लिए रोजगार के नए द्वार खोलने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

Arif Ansari

Chief Editor Dastak 24x7 News

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!