खुलासा : गंगनहर डबल मर्डर का चंद घंटों में खुलासा, सगे भाई ने दो बहनों पर बरसाईं गोलियां

रुड़की। गंगनहर कोतवाली क्षेत्र में दो बहनों की गोली मारकर हत्या के सनसनीखेज मामले का हरिद्वार पुलिस ने चंद घंटों के भीतर खुलासा कर दिया। पुलिस ने दोनों हत्याओं के कथित आरोपी सगे भाई विवेक उर्फ विक्की को चुड़ियाला भगवानपुर क्षेत्र से गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल 315 बोर का तमंचा, छह खोखा कारतूस और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की गई है।
पुलिस के अनुसार, 25-26 अगस्त की रात गणेशपुर रुड़की निवासी अर्जुन सिंह की शिकायत पर गंगनहर कोतवाली में मुकदमा दर्ज किया गया था। शिकायत में मामा विवेक उर्फ विक्की पर फायरिंग कर मां और मौसी की हत्या करने तथा इस दौरान मौसा के गोली लगने से गंभीर रूप से घायल होने का आरोप लगाया गया था।
मामले की जानकारी मिलते ही एसएसपी नवनीत सिंह ने आरोपी की जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए। पुलिस टीम ने तेजी से साक्ष्य जुटाते हुए मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। मिले इनपुट के आधार पर पुलिस ने आरोपी विवेक उर्फ विक्की को चुड़ामणि मंदिर चौक के पास चुड़ियाला, भगवानपुर से दबोच लिया।
प्रारंभिक पूछताछ में संपत्ति विवाद और चरित्र पर शक हत्या के पीछे की वजह सामने आ रही है। हालांकि, हत्या के वास्तविक कारणों को लेकर पुलिस आरोपी से विस्तृत पूछताछ कर रही है। घायल जीजा का उपचार चल रहा है।
पुलिस के अनुसार आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।
गिरफ्तार आरोपी
विवेक उर्फ विक्की पुत्र जयपाल, निवासी चुड़ियाला, थाना भगवानपुर, हरिद्वार।
बरामदगी
315 बोर का तमंचा
06 खोखा कारतूस
घटना में प्रयुक्त स्पेलेंडर प्लस मोटरसाइकिल
पुलिस टीम
सीओ रुड़की ओशीन जोशी, प्रभारी निरीक्षक मणी भूषण श्रीवास्तव, व0उ0नि0 दीप कुमार, उ0नि0 सन्तोष सेमवाल, उ0नि0 नवीन कुमार, उ0नि0 ब्रह्मदत्त बिजलवाण, उ0नि0 पंकज कुमार, उ0नि0 हरीश गैरोला, अ0उ0नि0 मनीष कवि, अ0उ0नि0 कान्ता प्रसाद, का0 प्रीतम सिंह, का0 रणवीर सिंह, का0 अजय बिष्ट और का0 फरीद।
सीआईयू टीम रुड़की
अ0उ0नि0 अश्वनी यादव, का0 आशीष शर्मा, का0 अजय काला, का0 रविन्द्र खत्री और का0 महीपाल।



