उत्तराखंडएक्सक्लूसिव खबरेंहरिद्वार

रुड़की में अवैध असलहों पर पुलिस का शिकंजा, तमंचा-पिस्टल, दो मैगजीन व कारतूस के साथ 2 युवक गिरफ्तार

रुड़की। एसएसपी नवनीत सिंह के निर्देश पर जनपदभर में चलाए जा रहे सघन चेकिंग अभियान के सार्थक परिणाम सामने आ रहे हैं। कोतवाली रुड़की पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर चेकिंग के दौरान दो युवकों को अवैध असलहों के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक 32 बोर का तमंचा, एक 32 बोर की पिस्टल, दो मैगजीन और दो जिंदा कारतूस बरामद किए हैं।
पुलिस के मुताबिक 06/07 अक्टूबर 2026 की देर रात चेकिंग के दौरान नहर पटरी पर एचआरडीए कार्यालय के पास एक युवक मोटरसाइकिल के साथ संदिग्ध अवस्था में खड़ा मिला। पूछताछ और तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 32 बोर का तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ। आरोपी की पहचान अक्षित शर्मा (19 वर्ष), निवासी ग्राम जस्सवावाला धनौरी, थाना पिरान कलियर के रूप में हुई।
वहीं, पुलिस टीम ने पीरबाबा कॉलोनी/रेलवे पुल के नीचे डबल फाटक की ओर जाने वाले रास्ते से एक अन्य युवक को हिरासत में लिया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 32 बोर की अवैध पिस्टल, दो मैगजीन और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ। आरोपी की पहचान रोहित सैनी (24 वर्ष), निवासी ग्राम जस्सवावाला धनौरी, थाना पिरान कलियर के रूप में हुई।
पूछताछ में एक ही सप्लायर का खुलासा
पुलिस की पूछताछ में दोनों आरोपियों ने कथित तौर पर एक ही सप्लायर से अवैध असलहा और कारतूस खरीदने की जानकारी दी। पुलिस के अनुसार रोहित सैनी बरामद पिस्टल को मुनाफे के साथ किसी अन्य व्यक्ति को बेचने के उद्देश्य से रेलवे पुल के नीचे पहुंचा था। पूछताछ से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस अब प्रकाश में आए कथित सप्लायर की तलाश में जुटी है।
दोनों आरोपियों के खिलाफ धारा 3/25(1-ख)(क) शस्त्र अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। बरामद असलहों और कारतूसों को विधिवत सील कर पुलिस कब्जे में लिया गया है।
एसएसपी नवनीत सिंह ने अभिभावकों से भी की अपील
एसएसपी नवनीत सिंह ने कहा कि युवाओं, विशेषकर नए लड़कों का अवैध असलहों की ओर आकर्षित होना चिंता का विषय है। पुलिस ऐसे तत्वों के खिलाफ लगातार कार्रवाई करती रहेगी, लेकिन अभिभावकों की भी जिम्मेदारी है कि वे अपने बच्चों की गतिविधियों पर नजर रखें और उन्हें गलत संगत से दूर रखें।
बरामदगी
32 बोर का तमंचा — 01
32 बोर की पिस्टल — 01
32 बोर की मैगजीन — 02
जिंदा कारतूस — 02
स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल — 01
मोबाइल फोन — 02
पुलिस टीम
उपनिरीक्षक सुभाष चंद्र, कांस्टेबल इतेंद्र ध्यानी, कांस्टेबल रंग मोहन एवं कांस्टेबल अनिल शर्मा शामिल रहे।

Arif Ansari

Chief Editor Dastak 24x7 News

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!