Blog

कार्तिक पूर्णिमा पर धर्मनगरी में उमड़ा आस्था क सैलाब

जिलाधिकारी व एसएसपी ने स्नान पर्व को सकुशल सम्पन्न कराये जाने की दृष्टि से मेला क्षेत्र का लिया जायजा

हरिद्वार। कार्तिक पूर्णिमा पर लाखों श्रद्धालुओं ने हरकी पैड़ी पर गंगा स्नान किया। कार्तिक पूर्णिमा पर गंगा स्नान के लिए हरियाणा, पंजाब, दिल्ली, उत्तर प्रदेश आदि सहित विभिन्न राज्यों से लाखों की संख्या में श्रद्धालु हरिद्वार पहुंचे। श्रद्धालुओं ने हरकी पैड़ी और अन्य घाटों पर स्नान और दान पुण्य कर परिवार के लिए मंगलकामना की। स्नान के पश्चात श्रद्धालुओं ने मनसा देवी, चंडी देवी, माया देवी, दक्ष मंदिर, बिल्केश्वर मंदिर आदि पौराणिक मंदिरों में दर्शन भी किए। वर्ष के आखिरी बड़े स्नान पर्व कार्तिक पूर्णिमा पर हमेशा ही लाखों की भीड़ उमड़ती रही है।

सोमवार को संपन्न हुए कार्तिक पूर्णिमा स्नान पर बीस लाख से अधिक श्रद्धालु हरिद्वार पहुंचे। ब्रह्म मुर्हत में शुरू हुआ स्नान का सिलसिला दिन भर चलता है। स्नान को सकुशल संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन ने मेला क्षेत्र को जोन और सेक्टरों में विभाजित कर कड़े सुरक्षा और यातायात प्रबंध लागू किए गए थे। भीड़ को देखते हुए बस स्टैण्ड को भी ऋषिकुल मैदान पर स्थानांतरित कर वहीं से बसों का संचालन किया गया।
स्नान पर्व को सकुशल संपन्न कराने में जुटे जिलाधिकारी धीराज सिंह गर्बयाल और एसएसपी प्रमेन्द्र डोबाल ने अधिकारियों के साथ मेला क्षेत्र का भ्रमण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और अधीनस्थों को जरूरी निर्देश दिए। मेला क्षेत्र के भ्रमण के बाद डीएम और एसएसपी सीसीआर टावर पहुंचे और सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से पूरे मेला क्षेत्र में भीड़ का जायजा लिया। अधिकारियों को सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। इस दौरान एसपी सिटी स्वतंत्र कुमार सिंह, एसपी ट्रैफिक अजय गणपति कुंभार, सीओ सिटी सुश्री जूही मनराल सहित सम्बन्धित अधिकारी मौजूद रहे।

Arif Ansari

Chief Editor Dastak 24x7 News

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!