SSP नवनीत सिंह के नेतृत्व में हरिद्वार पुलिस का वाहन चोरों पर बड़ा प्रहार, 10 मोटरसाइकिलें बरामद

हरिद्वार। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह के नेतृत्व में हरिद्वार पुलिस की अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी है। इसी कड़ी में कोतवाली बहादराबाद पुलिस ने वाहन चोरी के मामलों में बड़ी सफलता हासिल करते हुए एक शातिर वाहन चोर को गिरफ्तार किया है। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने कुल 10 मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। इनमें पांच मोटरसाइकिलें बहादराबाद कोतवाली में दर्ज पांच वाहन चोरी के मुकदमों से संबंधित हैं, जिससे पुलिस ने पांच घटनाओं का सफल अनावरण किया है।
इस पूरी कार्रवाई में चौकी प्रभारी बाजार उपनिरीक्षक विकास रावत और उनकी टीम की अहम भूमिका रही। 11 नवंबर को विकास रावत पुलिस टीम के साथ क्षेत्र में गश्त और संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान लोहे के पुल के पास गंगनहर की ओर जंगल से आने वाले एक सुनसान कच्चे रास्ते पर मोटरसाइकिल सवार संदिग्ध युवक को रोककर पूछताछ की गई। युवक मोटरसाइकिल के वैध दस्तावेज नहीं दिखा पाया।
सख्ती से पूछताछ करने पर उसकी पहचान दीपक पुत्र सुंदर लाल, निवासी ग्राम तेलीवाला रसूलपुर, थाना पिरान कलियर, उम्र 27 वर्ष के रूप में हुई। आरोपी ने स्वीकार किया कि मोटरसाइकिल उसने आराध्या नर्सिंग होम, बहादराबाद के पास से चोरी की थी।
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह स्मैक के नशे का आदी है और अपनी नशे की लत पूरी करने के लिए मोटरसाइकिल चोरी करता था। चोरी के वाहनों को वह गंगनहर किनारे जंगल में झाड़ियों के पीछे छिपाकर रखता था, ताकि किसी की नजर उन पर न पड़े।
आरोपी की निशानदेही पर पुलिस टीम जंगल पहुंची और झाड़ियों में छिपाकर रखी गई नौ अन्य मोटरसाइकिलें बरामद कर लीं। इस प्रकार पुलिस ने कुल 10 मोटरसाइकिलें बरामद कीं। जांच में पांच मोटरसाइकिलें बहादराबाद कोतवाली में दर्ज मु0अ0सं0 352/26, 396/26, 410/26, 411/26 और 412/26 से संबंधित पाई गईं।
इसके अलावा पांच अन्य संदिग्ध मोटरसाइकिलें भी बरामद हुई हैं, जिनमें बजाज पल्सर और हीरो स्प्लेंडर प्लस जैसी बाइक शामिल हैं। इनके वास्तविक स्वामित्व और चोरी से संबंधित जानकारी जुटाने के लिए पुलिस सत्यापन कर रही है।
पुलिस के अनुसार आरोपी पूर्व में भी थाना पिरान कलियर और भगवानपुर में मोटरसाइकिल चोरी के मामलों में जेल जा चुका है। संबंधित अभियोगों में धारा 317(2) BNS की बढ़ोतरी की गई है, जबकि अन्य पांच संदिग्ध मोटरसाइकिलों को धारा 35/106 BNSS के तहत कब्जे में लेकर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस टीम में शामिल रहे: उपनिरीक्षक विकास रावत (चौकी प्रभारी बाजार), हेड कांस्टेबल राजवर्धन, कांस्टेबल बलवंत सिंह, पंकज बिष्ट, विक्रम सिंह और अवनेश राणा।
हरिद्वार पुलिस की इस कार्रवाई से वाहन चोरों में हड़कंप है। वहीं, चौकी प्रभारी विकास रावत और उनकी टीम की सतर्कता से न केवल पांच वाहन चोरी के मुकदमों का खुलासा हुआ, बल्कि पांच अन्य संदिग्ध मोटरसाइकिलें भी पुलिस के कब्जे में आई हैं।



