गढ़वाल परिक्षेत्र में चली तबादला एक्सप्रेस, 39 पुलिस निरीक्षकों के कार्यक्षेत्र में बड़ा फेरबदल

देहरादून। आगामी विधानसभा चुनाव 2027 को देखते हुए पुलिस महकमे में तबादलों का सिलसिला तेज हो गया है। इसी क्रम में पुलिस उपमहानिरीक्षक (गढ़वाल परिक्षेत्र) राजीव स्वरूप ने नागरिक पुलिस के 39 निरीक्षकों के स्थानांतरण के आदेश जारी किए हैं। जारी आदेश के अनुसार वर्तमान नियुक्ति जनपद में चार वर्ष की निर्धारित अवधि में से तीन वर्ष की अवधि पूरी कर चुके निरीक्षकों को दूसरे जनपदों में स्थानांतरित किया गया है।
इस फेरबदल में हरिद्वार जनपद को लेकर भी बड़ा बदलाव देखने को मिला है। हरिद्वार में तैनात 11 निरीक्षकों को दूसरे जनपदों में भेजा गया है, जबकि विभिन्न जनपदों से 9 निरीक्षकों को हरिद्वार में नई तैनाती दी गई है।
हरिद्वार से इन 11 निरीक्षकों का हुआ स्थानांतरण
जारी सूची के मुताबिक राम किशोर सकलानी को रुद्रप्रयाग, नरेंद्र सिंह बिष्ट को चमोली, मनीष उपाध्याय को टिहरी, मनोहर सिंह को देहरादून, दिग्पाल कोहली को उत्तरकाशी, शांति कुमार को देहरादून, कमल मोहन सिंह को देहरादून, गोविंद कुमार को रुद्रप्रयाग, देवेंद्र सिंह रावत को उत्तरकाशी, वीरेंद्र चंद्र रमौला को देहरादून और प्रदीप बिष्ट को टिहरी भेजा गया है।
हरिद्वार में इन 9 निरीक्षकों को मिली नई तैनाती
दूसरी ओर देहरादून से कैलाश चंद्र भट्ट, पंकज देवरानी, राजेंद्र सिंह खोलिया और प्रदीप सिंह रावत को हरिद्वार भेजा गया है। इसके अलावा उत्तरकाशी से मनोज असवाल, चमोली से राकेश चंद्र भट्ट, टिहरी से संजय मिश्रा और अजय कुमार जाटव तथा पौड़ी से नंद किशोर भट्ट को हरिद्वार में तैनाती दी गई है।


चुनाव से पहले पुलिस महकमे में बदलाव
आदेश में स्पष्ट किया गया है कि आगामी विधानसभा निर्वाचन 2027 के दृष्टिगत भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुपालन में यह स्थानांतरण किए गए हैं। संबंधित अधिकारियों को स्थानांतरित जनपदों में तत्काल कार्यभार ग्रहण कर अनुपालन आख्या उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।
इस फेरबदल को आगामी विधानसभा चुनाव से पहले गढ़वाल परिक्षेत्र में पुलिस व्यवस्था को व्यवस्थित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रशासनिक कदम माना जा रहा है।



