उत्तराखंड में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, 30 IAS-PCS अधिकारियों के तबादले, कई जिलों को मिले नए CDO और ADM

देहरादून। उत्तराखंड शासन ने बुधवार देर शाम को प्रशासनिक स्तर पर बड़ा फेरबदल करते हुए भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) एवं राज्य सिविल सेवा (PCS) के कुल 30 अधिकारियों की तैनाती में बदलाव किया है।
जारी आदेश के अनुसार कई अधिकारियों को उनके वर्तमान पदों से हटाकर नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। इस फेरबदल में मुख्य विकास अधिकारी, अपर जिलाधिकारी, नगर आयुक्त, संयुक्त मजिस्ट्रेट और विभिन्न विभागों के निदेशक स्तर के पदों पर बदलाव किया गया है।

IAS अधिकारियों की नई जिम्मेदारियां
निधि यादव को अपर सचिव कृषि एवं कृषक कल्याण की जिम्मेदारी से हटाकर निदेशक पंचायती राज बनाया गया है। अभिनव शाह को अपर सचिव पर्यटन एवं अपर मुख्य कार्यकारी अधिकारी पर्यटन विकास परिषद की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
दीपक सैनी को मुख्य विकास अधिकारी देहरादून से मुख्य विकास अधिकारी पिथौरागढ़ बनाया गया है, जबकि प्रवीण कुमार को मुख्य विकास अधिकारी पिथौरागढ़ से मुख्य विकास अधिकारी देहरादून की जिम्मेदारी दी गई है।
अनामिका को मुख्य विकास अधिकारी अल्मोड़ा, आशीषा गोयल को नगर आयुक्त हल्द्वानी, दीपक रामचंद्र सेठ को मुख्य विकास अधिकारी चमोली तथा राहुल आनंद को मुख्य विकास अधिकारी उत्तरकाशी बनाया गया है।
PCS अधिकारियों के कार्यक्षेत्र में भी बदलाव
शासन ने PCS अधिकारियों के दायित्वों में भी व्यापक फेरबदल किया है। आदेश के तहत कई जिलों में अपर जिलाधिकारी, नगर आयुक्त और अन्य महत्वपूर्ण प्रशासनिक पदों पर नई तैनाती की गई है।
जीवन सिंह नगन्याल को आयुक्त गन्ना-चीनी काशीपुर एवं प्रधान प्रबंधक चीनी मिल किच्छा की जिम्मेदारी दी गई है। अभिषेक त्रिपाठी को निदेशक पंचायती राज बनाया गया है। रामजी शरण शर्मा को अपर निदेशक सूचना प्रौद्योगिकी एजेंसी (ITDA) की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
जय भारत सिंह को अपर निदेशक शहरी विकास निदेशालय देहरादून, श्याम सिंह राणा को अपर नगर आयुक्त नगर निगम देहरादून तथा नारायण सिंह बिष्ट को अपर जिलाधिकारी चमोली बनाया गया है।
इसके अलावा पंकज कुमार उपाध्याय को अपर मेलाधिकारी कुंभ मेला हरिद्वार की जिम्मेदारी दी गई है। कोस्तुभ मिश्रा को उप निदेशक मंडी परिषद रुद्रपुर, सुमता परमार को नगर आयुक्त रुड़की, रविन्द्र सिंह बिष्ट को अपर जिलाधिकारी बागेश्वर तथा जितेन्द्र कुमार को अपर जिलाधिकारी देहरादून बनाया गया है।
नूपुर वर्मा को नगर आयुक्त नगर निगम रुद्रपुर और कमलेश मेहता को अपर जिलाधिकारी रुद्रप्रयाग की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
शासन के इस आदेश से प्रदेश के विभिन्न जिलों और विभागों में प्रशासनिक कार्यप्रणाली को नई दिशा मिलने की उम्मीद है। सभी संबंधित अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से नवीन तैनाती स्थल पर कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए गए हैं।



