महापौर किरण जैसल ने किया त्रिमूर्ति नगर चौराहा एवं मंदिर सौंदर्यीकरण कार्य का लोकार्पण

हरिद्वार। वार्ड संख्या-44 स्थित त्रिमूर्ति नगर में गुरुवार को विकास और सौंदर्यीकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया। पार्षद अहसान अंसारी के प्रस्ताव पर निर्मित त्रिमूर्ति नगर चौराहे तथा त्रिमूर्ति मंदिर के बाहरी हिस्से के सौंदर्यीकरण कार्य का लोकार्पण महापौर किरण जैसल ने फीता काटकर किया।
इस अवसर पर आयोजित समारोह में क्षेत्रवासियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं नगर निगम अधिकारियों की उल्लेखनीय उपस्थिति रही। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए महापौर किरण जैसल ने कहा कि नगर निगम शहर के सभी वार्डों में समान रूप से विकास कार्य कराने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक स्थलों एवं धार्मिक स्थलों का सौंदर्यीकरण न केवल क्षेत्र की सुंदरता बढ़ाता है, बल्कि स्थानीय पहचान को भी मजबूत करता है।
पार्षद अहसान अंसारी ने महापौर का स्वागत एवं आभार व्यक्त करते हुए कहा कि त्रिमूर्ति नगर के विकास के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि चौराहे के निर्माण और मंदिर परिसर के बाहरी सौंदर्यीकरण से क्षेत्र को नई पहचान मिलेगी तथा स्थानीय नागरिकों को बेहतर वातावरण उपलब्ध होगा।
त्रिमूर्ति नगर के पार्षद एवं वरिष्ठ पत्रकार अहसान अंसारी की पहल पर क्षेत्र में कराए गए इस सौंदर्यीकरण कार्य की स्थानीय लोगों ने सराहना की। क्षेत्रवासियों का कहना है कि अहसान अंसारी लंबे समय से वार्ड की समस्याओं को प्रमुखता से उठाने के साथ-साथ विकास कार्यों को धरातल पर उतारने के लिए सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। त्रिमूर्ति नगर चौराहे के निर्माण एवं मंदिर परिसर के सौंदर्यीकरण से क्षेत्र को नई पहचान मिली है, जिससे स्थानीय नागरिकों में खुशी का माहौल है।
समारोह में मंडी समिति ज्वालापुर के सचिव लवकेश गिरी, नगर निगम के सेनेटरी इंस्पेक्टर सुरेंद्र सिंह, रणवीर सिंह सैनी, सरिता सिंह, राजवीर सिंह, चंद्रपाल सिंह, संजय मेहता, पर्यावरण पर्यवेक्षक अखिल कुमार, कुसुम पाल, इमरान मंसूरी, उत्तराखंड अन्य पिछड़ा वर्ग आयोग के सदस्य सज्जाद अहमद, गुलाम साबिर, जमशेद खान, राव आबाद, वाजिद अली, दानिश अंसारी, पार्षद प्रतिनिधि जाफिर अंसारी, पंडित अनुराग शर्मा, राकेश सैनी सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी मौजूद रहे।



