हरिद्वार

हरिद्वार में टली गैंगवार की बड़ी वारदात, भाई के हत्यारों से बदला लेने निकला शख्स 2 पिस्टल और 10 कारतूस के साथ गिरफ्तार

हरिद्वार। हरिद्वार पुलिस की मुस्तैदी और सघन चेकिंग अभियान के चलते गैंगवार की एक बड़ी वारदात को समय रहते टाल दिया गया। कोतवाली नगर पुलिस ने चित्रकूट घाट के पास संदिग्ध परिस्थितियों में घूम रहे एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 32 बोर की दो पिस्टल, दो मैगजीन और 10 जिंदा कारतूस बरामद हुए।
एसपी सिटी अभय प्रताप सिंह ने प्रेसवार्ता कर पूरे मामले की जानकारी देते हुए बताया कि वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह के निर्देश पर जनपद में लगातार सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 06 सितंबर 2026 को कोतवाली नगर पुलिस गश्त पर थी। चित्रकूट घाट के पास पुलिस टीम को एक व्यक्ति संदिग्ध अवस्था में दिखाई दिया, जो पुलिस को देखकर सकपका रहा था। पुलिस ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया।
पुलिस ने संदिग्ध के कंधे पर टंगे पीठू बैग की तलाशी ली तो उसमें 32 बोर की दो पिस्टल, दो मैगजीन और 10 जिंदा कारतूस बरामद हुए। हथियार रखने के संबंध में आरोपी से लाइसेंस मांगा गया, लेकिन वह कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।
भाई की हत्या का बदला लेने की थी तैयारी
पुलिस के मुताबिक, सख्ती से पूछताछ करने पर आरोपी की पहचान मनोज कुमार पुत्र महावीर सिंह, निवासी ग्राम बुडीना कला, थाना तितावी, जिला मुजफ्फरनगर, उत्तर प्रदेश, उम्र 45 वर्ष के रूप में हुई।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वर्ष 2010 में उसके भाई की हत्या कर दी गई थी। तभी से वह अपने भाई के हत्यारों को ठिकाने लगाने के लिए मौके की तलाश में था। आरोपी को जानकारी मिली थी कि उसके भाई की हत्या के आरोपी जेल से बाहर आ चुके हैं और हरिद्वार आने वाले हैं। इसके बाद उसने कथित तौर पर बदला लेने के लिए हथियारों का इंतजाम किया था।
हरिद्वार में आश्रम लीज पर लेकर कर रहा था होटल का कारोबार
पुलिस के अनुसार, आरोपी गैंगवार की आशंका के चलते अप्रैल 2026 में हरिद्वार आया था और एक आश्रम को लीज पर लेकर होटल के रूप में व्यापार कर रहा था। इसी दौरान उसे भाई के हत्यारों के हरिद्वार आने की सूचना मिली, जिसके बाद वह हथियारों के साथ उनकी तलाश में घूम रहा था।
पुलिस की समय रहते हुई कार्रवाई से संभावित गैंगवार और बड़ी आपराधिक वारदात को टाल दिया गया।
आर्म्स एक्ट में मुकदमा दर्ज
बरामदगी के आधार पर आरोपी को हिरासत में लेकर कोतवाली नगर लाया गया। पुलिस ने उसके खिलाफ मु0अ0सं0 445/2026, धारा 3/25 आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया है। आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किए जाने की कार्रवाई की जा रही है।
बरामदगी
02 पिस्टल 32 बोर
02 मैगजीन
10 जिंदा कारतूस 32 बोर
पुलिस टीम
प्रभारी निरीक्षक कुन्दन सिंह राणा
व0उनि0 गोपाल दत्त भट्ट
उ0नि0 खेमेन्द्र गंगवार
हे0का0 प्रदीप पंवार
हे0का0 गुलशन नेगी

Arif Ansari

Chief Editor Dastak 24x7 News

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!