रोशनाबाद कारागार में तीन दिवसीय जन्माष्टमी पर्व का समापन

हरिद्वार। रोशनाबाद कारागार में आयोजित तीन दिवसीय जन्माष्टमी पर्व का रविवार को कंस वध पर आधारित नाट्य मंचन के साथ समापन हो गया। इस दौरान बंदियों ने भगवान श्रीकृष्ण के जीवन और उनकी लीलाओं पर आधारित विभिन्न सांस्कृतिक एवं धार्मिक कार्यक्रमों की मनमोहक प्रस्तुतियां देकर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया।
समापन अवसर पर वरिष्ठ जेल अधीक्षक मनोज कुमार आर्य और और मुख्य अतिथि राज्य मंत्री ओमप्रकाश जमदग्नि सहित महामंडलेश्वर रूपेंद्र प्रकाश रोशनाबाद कारागार पहुंचे। उन्होंने जन्माष्टमी पर्व के दौरान विभिन्न कार्यक्रमों में प्रस्तुति देने वाले बंदियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। अधिकारियों ने बंदियों की प्रतिभा और कार्यक्रमों में उनकी सहभागिता की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन बंदियों के भीतर सकारात्मक सोच, अनुशासन और सामाजिक मूल्यों को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
गौरतलब है कि जन्माष्टमी के पावन पर्व पर रोशनाबाद कारागार में तीन दिवसीय धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया था। कार्यक्रम के दौरान बंदियों ने भजन, धार्मिक प्रस्तुतियों, श्रीकृष्ण की लीलाओं और नाट्य मंचन के माध्यम से वातावरण को भक्तिमय बना दिया। अंतिम दिन कंस वध के नाट्य मंचन ने कार्यक्रम को विशेष आकर्षण प्रदान किया।
कारागार प्रशासन की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य बंदियों को रचनात्मक गतिविधियों से जोड़ते हुए उनमें आध्यात्मिकता, सकारात्मकता और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करना रहा। तीन दिनों तक चले कार्यक्रम के सफल आयोजन के बाद रविवार को श्रद्धा और उत्साह के साथ जन्माष्टमी पर्व का समापन हुआ।



