एटीएम कार्ड बदलकर खाते से पैसे उड़ाने वाले गिरोह का पर्दाफाश, ज्वालापुर पुलिस ने दो शातिर आरोपियों को दबोचा

ज्वालापुर। ऑपरेशन प्रहार के तहत ज्वालापुर पुलिस ने एटीएम कार्ड बदलकर खाते से रुपये निकालने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने 23 अगस्त को एचडीएफसी बैंक एटीएम, कटहरा बाजार में एक व्यक्ति से एटीएम कार्ड लेकर उसके खाते से ₹13,200 निकाल लिए थे।
पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और सुरागरसी के आधार पर 25 अगस्त को चेकिंग के दौरान काले रंग की स्कॉर्पियो से दोनों आरोपियों को दबोच लिया। तलाशी में पीड़ित का एटीएम कार्ड समेत कुल 08 एटीएम कार्ड, एक आधार कार्ड और ₹8,500 नकद बरामद हुए।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शाहनूर पुत्र भूरान निवासी जलालपुर दादा, भगवानपुर और शफीक पुत्र रईस निवासी महुली, प्रतापगढ़ (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक शाहनूर पूर्व में एनडीपीएस और शफीक चोरी के मामले में जेल जा चुका है। दोनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक चंद्रभान सिंह अधिकारी, व0उ0नि0 हर्ष अरोड़ा, उ0नि0 समीप पांडेय, उ0नि0 गगन मैठाणी समेत हे0का0 धर्मेंद्र, कांस्टेबल नवीन, अमित गौड़, अर्जुन चौहान, सुनील शर्मा और CIU हरिद्वार के कांस्टेबल वसीम शामिल रहे।



