लक्जरी बसों पर परिवहन विभाग की बड़ी कार्रवाई, 45 चालान, 6 बसें सीज

हरिद्वार। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशों पर परिवहन विभाग ने 06 एवं 07 जून को जनपदभर में लक्जरी एवं यात्री बसों के खिलाफ विशेष सघन प्रवर्तन अभियान चलाया। अभियान के दौरान नियमों का उल्लंघन करने वाली 45 बसों के चालान किए गए, जबकि गंभीर अनियमितताएं मिलने पर 6 बसों को सीज कर दिया गया। साथ ही 5 वाहनों के फिटनेस प्रमाणपत्र निरस्त किए जाने की संस्तुति भी सक्षम प्राधिकारी को भेजी गई है।
अभियान का नेतृत्व सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) नेहा झा एवं सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी कृष्णा पलारिया ने किया। परिवहन विभाग की टीमों ने हरिद्वार, रुड़की, राष्ट्रीय राजमार्गों, प्रमुख यात्री मार्गों और बस अड्डों पर संचालित बसों का व्यापक निरीक्षण किया।
जांच के दौरान बसों के फिटनेस प्रमाणपत्र, परमिट, कर अदायगी, प्रदूषण प्रमाणपत्र, चालक लाइसेंस, स्पीड गवर्नर, जीपीएस, सीसीटीवी कैमरे, अग्निशमन यंत्र और आपातकालीन निकास व्यवस्था सहित सभी आवश्यक सुरक्षा मानकों की गहन पड़ताल की गई। कई वाहनों में तकनीकी और वैधानिक खामियां मिलने पर मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई।
परिवहन विभाग ने स्पष्ट किया है कि यात्रियों की सुरक्षा से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा और नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन स्वामियों व संचालकों के खिलाफ आगे भी ऐसे अभियान लगातार जारी रहेंगे।
अभियान को सफल बनाने में परिवहन कर अधिकारी वरुणा सैनी, तकनीकी निरीक्षक आनंद वर्धन सहित विभाग के अन्य अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने सक्रिय भूमिका निभाई।
परिवहन विभाग की अपील: वाहन स्वामी अपने वाहनों के दस्तावेज अद्यतन रखें, नियमित अनुरक्षण कराएं और सभी सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करें, ताकि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके और यात्रियों को सुरक्षित परिवहन सुविधा उपलब्ध हो सके।



