हरिद्वार

खाकी का मानवीय चेहरा: छह माह से लापता मासूम को पंजाब से खोज लाई जीआरपी

हरिद्वार। पुलिस की तत्परता, सूझबूझ और निरंतर प्रयासों की बदौलत करीब छह माह से लापता छह वर्षीय बालक आदित को जीआरपी हरिद्वार ने पंजाब के लुधियाना से सकुशल बरामद कर लिया। बालक की बरामदगी से लंबे समय से उसकी तलाश में परेशान परिजनों ने राहत की सांस ली है।

जानकारी के अनुसार, 5 जून 2026 को हरिद्वार रेलवे स्टेशन स्थित चार्जिंग स्टेशन के पास से बिहार निवासी गुड्डू के छह वर्षीय पुत्र आदित को कोई अज्ञात व्यक्ति अपने साथ ले गया था। मामले में 6 जून को थाना जीआरपी हरिद्वार में धारा 137(2) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। मामले की विवेचना उपनिरीक्षक नीरज जोशी को सौंपी गई थी।

पुलिस अधीक्षक रेलवेज उत्तराखंड अरुणा भारती के निर्देशन तथा पुलिस उपाधीक्षक जीआरपी अनुज आर्य के मार्गदर्शन में बालक की बरामदगी के लिए पुलिस टीमों का गठन किया गया। टीम ने लगातार सुरागरसी-पतारसी करते हुए विभिन्न स्थानों पर प्रयास जारी रखे और गैर-राज्य में भी दबिश दी। आखिरकार पुलिस के अथक प्रयास रंग लाए और 23 नवंबर 2026 को बालक आदित को लुधियाना, पंजाब से सकुशल बरामद कर लिया गया।

आवश्यक वैधानिक कार्रवाई के बाद बालक को बाल कल्याण समिति (सीडब्ल्यूसी), हरिद्वार के समक्ष प्रस्तुत किया गया। इसके बाद उसे उसके चाचा एवं संरक्षक मनीष कुमार के सुपुर्द कर दिया गया।

इन पुलिसकर्मियों की रही अहम भूमिका

इस पूरी कार्रवाई में उपनिरीक्षक नीरज जोशी, अपर उपनिरीक्षक अतुल चौहान, अपर उपनिरीक्षक कैलाश नाथ, अपर उपनिरीक्षक श्यामदास, हेड कांस्टेबल पृथ्वी नेगी, कांस्टेबल मुकेश कुमार (77), कांस्टेबल जोगेंद्र कुमार (78), कांस्टेबल खलील जावेद (213) तथा एसओजी जीआरपी के कांस्टेबल मनोज कुमार ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

करीब छह माह तक लगातार प्रयास, दूसरे राज्य में दबिश और सुराग जुटाने में पुलिस टीम की मेहनत ने आखिरकार सफलता दिलाई। जीआरपी हरिद्वार की इस कार्रवाई ने साबित किया कि पुलिस का दायित्व केवल कानून-व्यवस्था बनाए रखना ही नहीं, बल्कि संकट में फंसे लोगों और परिवारों को सहारा देना भी है।

Arif Ansari

Chief Editor Dastak 24x7 News

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!