एक संग्रह अमीन के सामने बेबस प्रशासन! जिलाधिकारी और तहसीलदार की चुप्पी पर उठे सवाल, सरकारी जमीन से कब्जा हटेगा या शिकायतें ही चलती रहेंगी?
जिलाधिकारी से मुख्यमंत्री हेल्पलाइन तक गुहार, शिकायतकर्ता का आरोप– सरकारी कर्मचारी के सामने कार्रवाई करने से कतरा रहा पूरा सिस्टम

हरिद्वार। सरकारी जमीनों को कब्जामुक्त कराने के लिए शासन-प्रशासन की ओर से लगातार दावे किए जाते हैं, लेकिन जब सरकारी संपत्ति पर अवैध कब्जे के आरोप किसी सरकारी कर्मचारी पर ही लगने लगें और शिकायतें जिलाधिकारी से लेकर मुख्यमंत्री हेल्पलाइन तक पहुंचने के बावजूद कार्रवाई न हो तो व्यवस्था पर सवाल उठना लाजिमी है।

ताजा मामला हरिद्वार जनपद के ज्वालापुर क्षेत्र का है। यहां तहसील लक्सर में संग्रह अमीन के पद पर कार्यरत सौदान सिंह पर सरकारी जमीन पर अवैध कब्जा कराने और अपने सरकारी पद का दुरुपयोग करने के गंभीर आरोप लगाए गए हैं।
इस संबंध में एक जागरूक नागरिक ने 2 नवंबर 2026 को जिलाधिकारी हरिद्वार को लिखित शिकायत देकर मामले की जांच और सरकारी भूमि को कब्जामुक्त कराने की मांग की है। शिकायत की प्रतिलिपि मुख्यमंत्री उत्तराखंड और आयुक्त को भी भेजी गई है।
शिकायतकर्ता के मुताबिक सौदान सिंह पुत्र खुमान सिंह निवासी आनंद विहार कॉलोनी, रानीपुर झाल, थाना बहादराबाद वर्तमान में तहसील लक्सर में संग्रह अमीन के पद पर कार्यरत हैं। आरोप है कि उन्होंने अपने पद का दुरुपयोग करते हुए अपनी मां के नाम पर दर्ज भूमि के अतिरिक्त सरकारी भूमि पर भी कब्जा कर लिया है।
शिकायत में ग्राम ज्वालापुर (बाहर हदूद), परगना ज्वालापुर स्थित खसरा संख्या 649म, जिसका कुल रकबा 19.3990 हेक्टेयर बताया गया है, का उल्लेख किया गया है। शिकायतकर्ता का दावा है कि राजस्व अभिलेखों में नदी के नाम दर्ज इस भूमि के लगभग डेढ़ बीघा हिस्से पर अवैध कब्जा कर चारदीवारी और टीनशेड बना दिया गया है।
शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि जब आसपास के लोगों ने इस कब्जे का विरोध किया तो संबंधित संग्रह अमीन ने कथित तौर पर अपने पद का रौब दिखाते हुए धमकियां दीं। शिकायतकर्ता ने प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और सरकारी भूमि को कब्जामुक्त कराने की मांग की है।
सबसे बड़ा सवाल यह है कि आखिर शिकायतों के बाद भी कार्रवाई क्यों नहीं?
शिकायतकर्ता का कहना है कि वह इस मामले को लेकर जिलाधिकारी से लेकर मुख्यमंत्री हेल्पलाइन तक कई बार गुहार लगा चुका है, लेकिन अब तक उसे कोई ठोस कार्रवाई होती दिखाई नहीं दी। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि जब एक आम नागरिक सरकारी जमीन पर कब्जे की शिकायत लेकर अधिकारियों के चक्कर काट रहा हो और आरोप किसी सरकारी कर्मचारी पर हों, तो जांच और कार्रवाई की जिम्मेदारी आखिर किसकी है?
अब देखना यह होगा कि जिलाधिकारी हरिद्वार इस मामले का संज्ञान लेकर राजस्व विभाग से निष्पक्ष जांच कराते हैं या सरकारी संपत्ति पर कथित कब्जे का यह मामला भी शिकायतों और फाइलों के बीच दबकर रह जाएगा।
फिलहाल मामले में लगाए गए आरोपों की आधिकारिक पुष्टि और संबंधित कर्मचारी का पक्ष सामने आना बाकी है।



