उत्तराखंडएक्सक्लूसिव खबरेंहरिद्वार

दोस्ती के जाम में रची कत्ल की साजिश, दोस्तों ने ही दोस्त को उतार दिया मौत के घाट

शराब पीते वक्त वीडियो बनाने से भड़के रितिक-दीपक ने कपिल की हत्या कर शव रजवाहे में फेंका, मंगलौर पुलिस ने 4 दिन में किया सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा

मंगलौर। दोस्ती, पैसों के लेनदेन और शराब के बीच शुरू हुआ विवाद आखिरकार एक युवक की हत्या पर जाकर खत्म हुआ। मंगलौर कोतवाली क्षेत्र के ग्राम टिकोला रजवाहे में मिले अज्ञात शव के मामले का हरिद्वार पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा करते हुए मृतक के दो दोस्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक दोनों आरोपियों ने पहले कपिल को शराब पिलाई और फिर विवाद के बाद उसकी हत्या कर शव रजवाहे में फेंक दिया था।
23 अगस्त को ग्राम टिकोला रजवाहे में अज्ञात शव पड़े होने की सूचना मिलने पर मंगलौर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। प्रभारी निरीक्षक भगवान महर के नेतृत्व में पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण करते हुए भौतिक एवं वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए। फील्ड यूनिट ने भी मौके से महत्वपूर्ण वैज्ञानिक साक्ष्य संकलित किए। बाद में शव की पहचान कपिल पुत्र मेघपाल निवासी ग्राम टिकोला के रूप में हुई।
मृतक के भाई अमित कुमार की तहरीर पर पुलिस ने रितिक और उसके एक साथी के खिलाफ हत्या की धारा में मुकदमा दर्ज किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी हरिद्वार ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। कप्तान के निर्देश पर मंगलौर पुलिस ने घटनास्थल के आसपास सुराग जुटाने के साथ ही मैनुअल इनपुट और स्थानीय मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया।
जांच आगे बढ़ी तो पुलिस को नामजद आरोपियों की भूमिका को लेकर महत्वपूर्ण सुराग मिले। पुलिस टीम ने लगातार दबिश और तलाश के बाद 27 अगस्त को दोनों नामजद आरोपियों रितिक पंवार और दीपक पंवार को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उनकी निशानदेही पर वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी बरामद की है।
शराब पिलाकर बुलाया, वीडियो बनाने पर भड़के और कर दी हत्या
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि मृतक कपिल की रितिक और दीपक से दोस्ती थी और तीनों के बीच पैसों का लेनदेन भी चलता था। पुलिस के अनुसार कपिल ने आरोपियों से करीब 15 हजार रुपये उधार लिए थे तथा 700 रुपये के कपड़े भी खरीदे थे। घटना वाले दिन दोनों आरोपियों ने कथित तौर पर योजना बनाकर कपिल को टिकोला पुलिया के पास बुलाया।
वहां तीनों ने शराब पी। इसी दौरान कपिल ने रितिक और दीपक का मोबाइल से वीडियो बनाने की बात कही। वीडियो बनाने को लेकर दोनों आरोपी नाराज हो गए और विवाद बढ़ गया। पुलिस के अनुसार इसी दौरान दोनों ने कपिल की हत्या कर दी। हत्या के बाद शव को रजवाहे में डाल दिया और मोटरसाइकिल से मौके से फरार हो गए।
मंगलौर पुलिस की टीम ने घटनास्थल से मिले सुराग, स्थानीय स्तर पर जुटाई गई जानकारी और मुखबिर तंत्र के आधार पर मामले की कड़ियां जोड़ते हुए दोनों आरोपियों तक पहुंच बनाई। पुलिस की त्वरित कार्रवाई से कुछ ही दिनों में हत्याकांड का खुलासा कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।
एसएसपी हरिद्वार के निर्देशन में मंगलौर पुलिस की इस कार्रवाई को गंभीर हत्याकांड के त्वरित खुलासे के तौर पर देखा जा रहा है। गिरफ्तार दोनों आरोपियों को नियमानुसार न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।
गिरफ्तार आरोपी
1. रितिक पंवार पुत्र धीर सिंह, निवासी ग्राम जटौली तैय्यबपुर बड़ा, थाना देवबंद, सहारनपुर, उत्तर प्रदेश।
2. दीपक पंवार पुत्र सुरेश, निवासी उपरोक्त।
बरामदगी
वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल।

पुलिस टीम

प्रभारी निरीक्षक भगवान महर, वरिष्ठ उपनिरीक्षक सुखपाल मान, उपनिरीक्षक कमलकांत रतूड़ी, कांस्टेबल रणवीर, सुधीर, पंकज, केडी राणा, मौ. आमिर तथा चालक कांस्टेबल लाल सिंह शामिल रहे।

Arif Ansari

Chief Editor Dastak 24x7 News

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!