आधी रात गंगा में डूब रही महिला के लिए देवदूत बनी जल पुलिस, रेस्क्यू कर बचाई जान

हरिद्वार। शनिवार देर रात जल पुलिस की तत्परता और साहसिक कार्रवाई से गंगा में डूब रही एक महिला की जान बचा ली गई। घटना रात करीब 11:30 बजे ओम पुल क्षेत्र की है, जहां एक महिला गंगा में डूब रही थी। सूचना मिलते ही जल पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और तत्काल रेस्क्यू अभियान चलाकर महिला को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
रेस्क्यू की गई महिला की पहचान मेमवती पत्नी लखन, उम्र लगभग 55 वर्ष, निवासी पलवल, हरियाणा के रूप में हुई है। बताया गया कि महिला कनखल स्थित संन्यास रोड स्थित श्री कृष्ण निवास आश्रम में ठहरी हुई थी।
महिला को सुरक्षित बाहर निकालने के बाद जल पुलिस ने तत्काल 108 एम्बुलेंस के माध्यम से उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया। चिकित्सकों के अनुसार महिला की हालत फिलहाल ठीक है और वह खतरे से बाहर है।
इस सफल रेस्क्यू अभियान में हेड कांस्टेबल नरेंद्र सिंह, हेड कांस्टेबल प्रीतम सिंह, जानुपाल, गौरव शर्मा, प्रवीण शर्मा, चिराग अरोरा और विक्रांत की महत्वपूर्ण भूमिका रही। जल पुलिस की त्वरित कार्रवाई से एक बड़ा हादसा टल गया और महिला को नया जीवन मिल गया।



