Blog

ऑपरेशन प्रहार: पिल्ला गैंग पर हरिद्वार पुलिस का लगातार शिकंजा, कांवड़िये पर फायरिंग का एक और आरोपी गिरफ्तार

हरिद्वार। पुलिस मुख्यालय द्वारा संचालित ऑपरेशन प्रहार के तहत हरिद्वार पुलिस अपराधियों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है। इसी क्रम में कोतवाली कनखल पुलिस ने गुरुकुल कांगड़ी क्षेत्र में कांवड़ियों पर फायरिंग और मारपीट के चर्चित मामले में एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। इस मामले में अब तक कुल छह आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है, जबकि पिल्ला गैंग से जुड़े विभिन्न मामलों में 22 बदमाशों को जेल भेजा जा चुका है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर के निर्देश पर प्रभारी निरीक्षक कनखल के नेतृत्व में शराब तस्करों, वारंटियों, हिस्ट्रीशीटरों, वांछित अपराधियों, गुंडा तत्वों और हुड़दंगियों के विरुद्ध विशेष अभियान चलाया जा रहा है। क्षेत्र में बढ़ती आपराधिक गतिविधियों को देखते हुए पुलिस ने सादे वस्त्रों में विशेष टीमें गठित कर जगजीतपुर, पीठ पुलिया, फुटबॉल ग्राउंड और गुरुकुल कांगड़ी क्षेत्र में तैनात की हैं, जो लगातार संदिग्ध व्यक्तियों की निगरानी और चेकिंग कर रही हैं।
पुलिस के अनुसार 1 जून 2026 को गुरुकुल कांगड़ी क्षेत्र में कांवड़ियों के साथ कहासुनी के दौरान फायरिंग, मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने की घटना हुई थी। मामले में कोतवाली कनखल में मुकदमा संख्या 187/26 दर्ज किया गया था। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने लगातार दबिश देकर आरोपियों की धरपकड़ शुरू की थी।
ताजा कार्रवाई में पुलिस ने जतिन पुत्र पवन कुमार निवासी जमालपुर कला, थाना कनखल, जनपद हरिद्वार को गिरफ्तार किया है। पुलिस का कहना है कि ऑपरेशन प्रहार के तहत अपराधियों के विरुद्ध कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी और कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे।
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक महिपाल सिंह सैनी, हेड कांस्टेबल जितेन्द्र कुमार, कांस्टेबल दिगपाल भण्डारी, प्रलभ चौहान एवं उमेद सिंह शामिल रहे।

Arif Ansari

Chief Editor Dastak 24x7 News

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!