Blog

चंडी देवी ब्लाइंड मर्डर केस में पुलिस को बड़ी सफलता के संकेत, जल्द हो सकता है सनसनीखेज खुलासा

हरिद्वार। श्यामपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत 10 मई को चंडी देवी पैदल मार्ग पर मिले अज्ञात महिला के शव के मामले में पुलिस को जल्द बड़ी सफलता मिलने की उम्मीद है। इस सनसनीखेज हत्याकांड की गुत्थी सुलझाने में जुटी श्यामपुर पुलिस पिछले एक महीने से लगातार दिन-रात मेहनत कर रही है। महिला की पहचान नहीं हो पाने के कारण यह मामला पुलिस के लिए एक ब्लाइंड मर्डर बन गया था, जिससे जांच काफी चुनौतीपूर्ण हो गई थी।
शव मिलने के बाद पुलिस ने आसपास के क्षेत्रों में व्यापक पूछताछ की, सीसीटीवी फुटेज खंगाले तथा विभिन्न राज्यों और जनपदों में दर्ज गुमशुदगी के मामलों का भी मिलान किया। महिला की शिनाख्त के लिए पुलिस ने सोशल मीडिया का भी व्यापक सहारा लिया। विभिन्न प्लेटफॉर्म पर महिला के संबंध में जानकारी साझा की गई और पहचान बताने वाले व्यक्ति के लिए ₹50,000 के इनाम की भी घोषणा की गई, ताकि जल्द से जल्द उसकी पहचान स्थापित की जा सके।
थानाध्यक्ष नितेश शर्मा के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने मामले को चुनौती के रूप में लेते हुए हर पहलू की गहन जांच की। महिला की शिनाख्त नहीं होने से जांच की दिशा तय करने में कठिनाइयां आ रही थीं, लेकिन पुलिस ने तकनीकी और पारंपरिक दोनों तरीकों से लगातार सुराग जुटाने का कार्य जारी रखा। सूत्रों के अनुसार जांच के दौरान पुलिस को कुछ महत्वपूर्ण जानकारियां और साक्ष्य प्राप्त हुए हैं, जिनके आधार पर मामले की कड़ियां जुड़ती नजर आ रही हैं।
बताया जा रहा है कि जांच अब अंतिम चरण में पहुंच चुकी है और पुलिस जल्द ही इस हत्याकांड का खुलासा कर सकती है। मामले के खुलासे के साथ महिला की पहचान, हत्यारों तथा हत्या के पीछे के कारणों से भी पर्दा उठने की संभावना है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले में जुटाए गए साक्ष्यों और तकनीकी विश्लेषण के आधार पर जांच निर्णायक मोड़ पर पहुंच गई है और जल्द ही पूरे घटनाक्रम का खुलासा किया जाएगा।

Arif Ansari

Chief Editor Dastak 24x7 News

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!