नशे के कारोबार पर कप्तान नवनीत सिंह का प्रहार, बहादराबाद पुलिस ने 02 तस्करों को दबोचा
अवैध स्मैक की बरामदगी के साथ बिना नंबर की यामहा मोटरसाइकिल भी जब्त

हरिद्वार। जनपद में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह के नेतृत्व में चलाए जा रहे अभियान का असर लगातार दिखाई दे रहा है। ऑपरेशन प्रहार 2026 के तहत बहादराबाद पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 8.58 ग्राम और 7.63 ग्राम अवैध स्मैक के साथ एक बिना नंबर की यामहा मोटरसाइकिल बरामद की है।
पुलिस के अनुसार, 01 सितंबर 2026 को गश्त एवं चेकिंग के दौरान पुराना पावर हाउस, बहादराबाद के पास पुलिस टीम ने संदिग्ध गतिविधि के आधार पर कार्रवाई की। जांच के दौरान स्मैक बरामद होने पर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सावेज पुत्र इरफान (26 वर्ष) तथा नदीम पुत्र सलीम (35 वर्ष), निवासी मस्जिद वाली गली, कस्बा बहादराबाद के रूप में हुई है।
कप्तान नवनीत सिंह की रणनीति का दिख रहा असर

हरिद्वार में नशे के खिलाफ पुलिस की लगातार कार्रवाई से साफ है कि एसएसपी नवनीत सिंह ने नशे के कारोबार को लेकर जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई है। उनके निर्देशन में पुलिस टीमों को लगातार सक्रिय रखते हुए नशे की बिक्री, तस्करी और परिवहन में शामिल लोगों पर शिकंजा कसने का काम किया जा रहा है।
बहादराबाद पुलिस की यह कार्रवाई भी इसी सख्त रणनीति का हिस्सा मानी जा रही है। क्षेत्र में लगातार चेकिंग और गश्त के जरिए संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है, जिसका परिणाम दो आरोपियों की गिरफ्तारी और अवैध स्मैक की बरामदगी के रूप में सामने आया है।
बहादराबाद पुलिस की मुस्तैदी बनी चर्चा का विषय

प्रभारी निरीक्षक अमरजीत सिंह के नेतृत्व और चौकी इंचार्ज विकास रावत की सक्रिय निगरानी में गठित पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए कार्रवाई को अंजाम दिया। स्थानीय स्तर पर पुलिस की इस कार्रवाई को नशे के कारोबार पर लगाम लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की संबंधित धाराओं में अभियोग पंजीकृत किया है। पुलिस का कहना है कि अवैध मादक पदार्थों की बिक्री और परिवहन करने वालों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।



