उत्तराखंडएक्सक्लूसिव खबरेंहरिद्वार

एसएसपी नवनीत सिंह की रणनीति लाई रंग: मुठभेड़ में दबोचा गया महिला हत्याकांड का आरोपी

हरिद्वार। कोतवाली नगर क्षेत्र में बुधवार देर रात हुई पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ में महिला के साथ दुष्कर्म के बाद हत्या के मामले का एक आरोपी पुलिस के हत्थे चढ़ गया, जबकि उसका साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। मुठभेड़ के दौरान पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।

इस कार्रवाई को हरिद्वार पुलिस की बड़ी सफलता माना जा रहा है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह के निर्देशन में गठित पुलिस टीमों ने लगातार की गई जांच और तकनीकी पड़ताल के आधार पर आरोपियों तक पहुंच बनाई। वहीं, लगातार हो रही बारिश और चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों के बावजूद कोतवाली नगर प्रभारी निरीक्षक कुंदन सिंह राणा तथा उपनिरीक्षक खेमेंद्र गंगवार सहित पूरी पुलिस टीम ने मुस्तैदी और तत्परता का परिचय देते हुए आरोपियों को दबोचने में अहम भूमिका निभाई।

पुलिस के अनुसार, 8 जुलाई की रात उपनिरीक्षक खेमेंद्र गंगवार व उपनिरीक्षक नवीन चौहान अपनी टीम के साथ राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित दुधियाबंद तिराहे पर संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान रायवाला की ओर से बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल पर सवार दो संदिग्धों को रोकने का प्रयास किया गया। पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने रुकने के बजाय पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में एक आरोपी के पैर में गोली लगी, जबकि दूसरा मौके से फरार हो गया।

गिरफ्तार आरोपी के कब्जे से एक 315 बोर का तमंचा और दो खोखा कारतूस बरामद किए गए हैं। घायल आरोपी को सिविल अस्पताल हरिद्वार में भर्ती कराया गया है, जबकि फरार आरोपी की तलाश में पुलिस की कॉम्बिंग जारी है।

पुलिस जांच में सामने आया कि 28 जून 2026 को मिली अज्ञात महिला के शव के मामले में पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर कोतवाली नगर में हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी नवनीत सिंह ने कई पुलिस टीमों का गठन किया था। जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों से दो संदिग्धों की पहचान हुई, जो घटना वाले दिन महिला के साथ चंडी चौक से गंगा घाट की ओर जाते दिखाई दिए थे।

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी जिशान पुत्र राशिद, निवासी जिगर कॉलोनी, नेहटौर, जिला बिजनौर (उत्तर प्रदेश) ने पूछताछ में बताया कि वह और उसका साथी महिला को बहला-फुसलाकर गंगा घाट के पास ले गए थे। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने यह भी स्वीकार किया कि बाद में पैसों को लेकर हुए विवाद के दौरान दोनों ने महिला की गला घोंटकर हत्या कर दी और उसका मोबाइल अपने साथ ले गए, जबकि सिम कार्ड नदी में फेंक दिया।
इस मामले में कोतवाली नगर में हत्या तथा मुठभेड़ के संबंध में अलग-अलग मुकदमे दर्ज किए गए हैं। पुलिस फरार आरोपी की तलाश में लगातार दबिश दे रही है और जल्द गिरफ्तारी का दावा कर रही है।

Arif Ansari

Chief Editor Dastak 24x7 News

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!