रानीपुर पुलिस का डबल प्रहार: शादी का झांसा देकर दुष्कर्म और नाबालिग से दुष्कर्म के दो आरोपी गिरफ्तार

हरिद्वार। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत कोतवाली रानीपुर पुलिस ने महिलाओं और नाबालिगों के विरुद्ध अपराध करने वाले दो आरोपियों को अलग-अलग मामलों में गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
पहले मामले में एक 19 वर्षीय युवती की मां की शिकायत पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने जांच में पाया कि आरोपी गोविन्द ने शादी का झांसा देकर युवती के साथ कई बार दुष्कर्म किया। मेडिकल रिपोर्ट और पीड़िता के बयान के आधार पर मुकदमे में धारा 69 बीएनएस की बढ़ोतरी की गई। पुलिस ने आरोपी गोविन्द को सहारनपुर के बादशाहीबाग क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया।
दूसरे मामले में एक नाबालिग छात्रा का पीछा करने, अपहरण का प्रयास करने और जान से मारने की धमकी देने की शिकायत पर मुकदमा दर्ज किया गया। जांच, पीड़िता के बयान और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर आरोपी करण के खिलाफ दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट की गंभीर धाराएं बढ़ाई गईं। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर उसे विष्णुलोक कॉलोनी स्थित बड़ी टंकी के पास से गिरफ्तार कर लिया।
दोनों आरोपियों को शनिवार को न्यायालय में पेश किया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि महिलाओं और बच्चों के खिलाफ अपराध करने वालों के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा।
गिरफ्तार आरोपी:
गोविन्द (24 वर्ष), निवासी मगनपुरा, बादशाहीबाग, थाना मिर्जापुर, जिला सहारनपुर (उ.प्र.)
करण (20 वर्ष), निवासी मोहल्ला कड़च्छ, ज्वालापुर, हरिद्वार
पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक मनोहर सिंह भंडारी, उपनिरीक्षक पूजा पाण्डेय, राहुल थापा, संदीपा भण्डारी तथा कांस्टेबल रविन्द्र बिष्ट, विवेक गुसाईं और प्रेम सिंह शामिल रहे।



