उत्तराखंडएक्सक्लूसिव खबरेंहरिद्वार

कांवड़ मेला-2026: हरिद्वार और बिजनौर पुलिस ने बनाई साझा रणनीति,चाकचौबंद होगी सुरक्षा व यातायात व्यवस्था

हरिद्वार, 5 जुलाई। आगामी श्रावण कांवड़ मेला-2026 को सुरक्षित, सुचारू एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से हरिद्वार पुलिस और उत्तर प्रदेश के बिजनौर पुलिस प्रशासन के बीच रविवार को अंतर्राज्यीय समन्वय बैठक आयोजित की गई। बैठक में सुरक्षा, यातायात प्रबंधन, भीड़ नियंत्रण और श्रद्धालुओं की सुविधाओं को लेकर व्यापक रणनीति तैयार की गई।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के निर्देशन में थाना श्यामपुर क्षेत्र स्थित पिनाका होटल में आयोजित बैठक में दोनों जनपदों के वरिष्ठ अधिकारियों ने कांवड़ मेले के दौरान कानून-व्यवस्था को प्रभावी बनाए रखने के लिए विभिन्न बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की। हैवी वाहनों की आवाजाही का समय निर्धारित करने, प्रभावी ट्रैफिक डायवर्जन लागू करने तथा अंतर्राज्यीय सीमा पर सघन चेकिंग और सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने पर सहमति बनी।

बैठक में कांवड़ यात्रियों के लिए पेयजल, चिकित्सा, यातायात एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया। साथ ही डीजे संचालन से संबंधित शासन के दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन कराने, भीड़ प्रबंधन को प्रभावी बनाने तथा किसी भी आकस्मिक स्थिति में वायरलेस संचार के माध्यम से त्वरित समन्वय स्थापित करने की रणनीति भी तैयार की गई। बैठक के बाद हरिद्वार और बिजनौर पुलिस के अधिकारियों ने संयुक्त रूप से कांवड़ यात्रा मार्ग और प्रमुख डायवर्जन प्वाइंट्स का स्थलीय निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक यातायात हरिद्वार निशा यादव, पुलिस अधीक्षक नगर हरिद्वार अभय सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक बिजनौर गौतम राय, क्षेत्राधिकारी नगर हरिद्वार शिशुपाल सिंह नेगी, क्षेत्राधिकारी नजीबाबाद आकांक्षा गौतम, क्षेत्राधिकारी यातायात हरिद्वार भूपेन्द्र सिंह, थानाध्यक्ष श्यामपुर नितेश शर्मा सहित हरिद्वार एवं बिजनौर पुलिस के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

Arif Ansari

Chief Editor Dastak 24x7 News

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!