छात्रवृत्ति घोटाले पर बड़ा एक्शन, RIT, फ़ोनिक्स और ओम इंस्टीट्यूट समेत 19 संस्थानों पर एफआईआर

हरिद्वार। अल्पसंख्यक छात्रों के लिए संचालित केंद्र पोषित छात्रवृत्ति योजना में कथित अनियमितताओं को लेकर हरिद्वार प्रशासन ने बड़ा कदम उठाया है। रुड़की इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (RIT), फ़ोनिक्स ग्रुप ऑफ कॉलेज (Phonics School of Engineering & Business) और ओम इंस्टीट्यूट ऑफ एजुकेशन सहित जनपद के 19 शिक्षण संस्थानों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने की संस्तुति की गई है।
जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी हरिद्वार ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) को भेजे पत्र में जांच समिति की रिपोर्ट का हवाला देते हुए संबंधित संस्थानों के विरुद्ध विधिक कार्रवाई की मांग की है।
भारत सरकार के अल्पसंख्यक कार्य मंत्रालय द्वारा राष्ट्रीय छात्रवृत्ति पोर्टल (NSP) पर वर्ष 2021-22 एवं 2022-23 के छात्रवृत्ति आवेदनों के विश्लेषण में कई संस्थान संदिग्ध पाए गए थे। इसके बाद उत्तराखंड शासन के निर्देश पर गठित जांच समितियों ने संबंधित संस्थानों की जांच कर अपनी रिपोर्ट प्रशासन को सौंपी। जांच रिपोर्ट के आधार पर जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी ने एसएसपी हरिद्वार को भेजे पत्र में कहा है कि संबंधित संस्थानों द्वारा वित्तीय अनियमितता, धोखाधड़ी एवं शासकीय धन के गबन की आशंका प्रतीत होती है। इसी आधार पर एफआईआर दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की संस्तुति की गई है।
इन संस्थानों के खिलाफ FIR दर्ज कराने की संस्तुति
- गौड ब्लैस पब्लिक स्कूल, सहदेवपुर
- एम.जी. पब्लिक स्कूल, अहमदपुर ग्रांट
- ए.एस.एन. इंटर कॉलेज, धीरवाली, ज्वालापुर
- सैनी प्राइवेट आईटीआई, बहादराबाद
- जय भारती प्राइवेट आईटीआई, पर्दाथा उर्फ धनपुरा
- एस.बी.एन. प्राइवेट आईटीआई, टिक्कमपुर
- आयुर्वेदिक मेडिकल कॉलेज एंड रिसर्च सेंटर, मुस्तफाबाद
- विश्व भारती पब्लिक स्कूल, गाडोवाली
- मदरसा नूर-ए-हसन, हरिद्वार
- जय भारत पब्लिक स्कूल, बिन्दुखड़क
- हन्नू आईटीआई, भगवानपुर
- रेडियंस एकेडमी, नेहन्दपुर सुठारी, लक्सर
- रामतीर्थ उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, रहमतपुर, रुड़की
- रुड़की इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (RIT), पुहाना, रुड़की
- महर्षि दयानन्द प्राइवेट आईटीआई, धनौरी
- संस्कृति पब्लिक स्कूल, भौरी, रुड़की
- फीनिक्स स्कूल ऑफ इंजीनियरिंग एंड बिजनेस (फोनिक्स ग्रुप ऑफ़ कॉलेज ), इमलीखेड़ा, रुड़की
- एस.डी.पी.सी. गर्ल्स इंटर कॉलेज, रुड़की
- ओम इंस्टीट्यूट ऑफ एजुकेशन, बढ़ेड़ी राजपूताना, रुड़की



