फुलगढ़ जंगल गैंगरेप कांड का खुलासा: पांच दिन की घेराबंदी के बाद छह आरोपी गिरफ्तार,SSP नवनीत की सख्ती लाई रंग

हरिद्वार। पथरी थाना क्षेत्र के फुलगढ़ जंगल में नाबालिग किशोरी से दुष्कर्म और उसके साथ मौजूद युवक से मारपीट के सनसनीखेज मामले में हरिद्वार पुलिस ने बड़ा खुलासा करते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार, घटना के बाद सभी आरोपी फरार हो गए थे और गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार ठिकाने बदल रहे थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह ने घटना को गंभीरता से लेते हुए शुरुआत से ही पुलिस टीमों को आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए। उनके निर्देशन में गठित तीन टीमों ने वैज्ञानिक साक्ष्यों, तकनीकी विश्लेषण और मुखबिर तंत्र की मदद से लगातार अभियान चलाया, जिसके परिणामस्वरूप पुलिस ने महज कुछ दिनों में पूरे मामले का खुलासा करते हुए सभी छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। इस कार्रवाई को पुलिस की त्वरित और सुनियोजित जांच का परिणाम माना जा रहा है।
पुलिस के मुताबिक, 12 जुलाई की रात एक युवक और नाबालिग किशोरी फुलगढ़ जंगल के पास पहुंचे थे। इसी दौरान वहां पहले से मौजूद तीन युवकों ने अपने तीन अन्य साथियों को भी मौके पर बुला लिया। आरोप है कि सभी आरोपी युवक और किशोरी को जंगल के अंदर ले गए, जहां चार आरोपियों ने युवक को पकड़कर उसके साथ मारपीट की, जबकि दो आरोपी किशोरी को और अंदर ले गए। पुलिस का आरोप है कि मुख्य आरोपी महेश उर्फ मंत्री ने किशोरी के साथ दुष्कर्म किया। वारदात के बाद आरोपी किशोरी को जंगल में छोड़कर फरार हो गए।
घटना के अगले दिन पीड़िता के परिजनों की तहरीर पर थाना पथरी में मुकदमा दर्ज किया गया। घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। पुलिस ने घटनास्थल को सुरक्षित कर एफएसएल टीम की सहायता से वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए। इसके साथ ही अलग-अलग पुलिस टीमों को आरोपियों की तलाश में लगाया गया। पुलिस ने संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी और क्षेत्र में मुखबिर तंत्र को सक्रिय कर दिया।
जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल से मिले साक्ष्यों, तकनीकी इनपुट और स्थानीय स्तर पर जुटाई गई सूचनाओं के आधार पर आरोपियों की गतिविधियों का पता लगाया। लगातार पांच दिन तक चली कार्रवाई के बाद 17 जुलाई को मुखबिर की सूचना पर फुलगढ़ जंगल क्षेत्र में दबिश देकर सभी छह आरोपियों को हिरासत में ले लिया गया। पूछताछ के दौरान पुलिस को घटना से जुड़े महत्वपूर्ण तथ्य मिले, जिसके बाद सभी आरोपियों को विधिक प्रक्रिया के तहत गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने इस मामले में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 115(2), 137(2), 70(2), 78(2), 65(1) तथा पॉक्सो एक्ट की धारा 3(क), 4(2)(ड)(जी) और 6 के तहत मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस का कहना है कि सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
गिरफ्तार आरोपी
महेश उर्फ मंत्री (29 वर्ष)
मोहित कुमार (25 वर्ष)
सुमित (25 वर्ष)
आशु (22 वर्ष)
शुभम (22 वर्ष)
आकाश (23 वर्ष)
सभी आरोपी ग्राम फुलगढ़, थाना पथरी, जनपद हरिद्वार के निवासी हैं।
इस कार्रवाई को थाना पथरी के थानाध्यक्ष रविन्द्र कुमार के नेतृत्व में वरिष्ठ उपनिरीक्षक उपेन्द्र सिंह, चौकी प्रभारी फेरूपुर उपनिरीक्षक विपिन कुमार, उपनिरीक्षक बबलू चौहान, महिला उपनिरीक्षक शाहिदा परवीन तथा थाना पथरी पुलिस और सीआईयू रुड़की की संयुक्त टीम ने अंजाम दिया।



