हरिद्वार

ऑपरेशन प्रहार: बोडाहेड़ी में हरिद्वार पुलिस का बड़ा एक्शन, 51 लोगों पर कानूनी कार्रवाई

हरिद्वार। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह के निर्देश पर चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत थाना पथरी पुलिस ने ग्राम बोडाहेड़ी में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए बड़ी कार्रवाई की है। गांव में हाल ही में दो पक्षों के बीच हुए विवाद और पथराव की घटना के बाद पुलिस ने ड्रोन कैमरों की मदद से छतों की निगरानी की और माहौल खराब करने के उद्देश्य से रखे गए ईंट-पत्थरों को हटवाया।
थानाध्यक्ष रविंद्र कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम गांव पहुंची, जहां लोगों को चेतावनी दी गई कि भविष्य में छतों पर ईंट-पत्थर रखने या कानून व्यवस्था बिगाड़ने का प्रयास करने पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने ड्रोन सर्विलांस और जांच के आधार पर 22 महिलाओं और 29 पुरुषों सहित कुल 51 लोगों के खिलाफ धारा 126/135 बीएनएसएस के तहत निरोधात्मक कार्रवाई करते हुए विधिक प्रक्रिया शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, बोडाहेड़ी गांव में कुछ दिन पहले दो पक्षों के बीच मारपीट और पथराव हुआ था, जिसके बाद दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ मुकदमे दर्ज कराए थे। घटना के बाद गांव में तनाव की स्थिति को देखते हुए पुलिस ने यह विशेष अभियान चलाया।
हरिद्वार पुलिस का स्पष्ट संदेश है कि कानून से बड़ा कोई नहीं है। शांति व्यवस्था भंग करने या अपराध करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।

Arif Ansari

Chief Editor Dastak 24x7 News

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!