हरिद्वार

हरिद्वार में देर रात पुलिस-बदमाशों की मुठभेड़, इंडस्ट्रियल एरिया में गूंजी गोलियों की तड़तड़ाहट; एक बदमाश के पैर में लगी गोली

हरिद्वार। शहर में चेन स्नेचिंग की घटनाओं को अंजाम देकर पुलिस को चुनौती दे रहे बदमाशों पर आखिरकार पुलिस का शिकंजा कस गया। इंडस्ट्रियल एरिया क्षेत्र में चेकिंग के दौरान पुलिस की बदमाशों से मुठभेड़ हो गई। दोनों ओर से हुई फायरिंग में एक बदमाश के पैर में गोली लगी, जबकि उसका साथी मौके से फरार हो गया।
पुलिस ने घायल बदमाश को कब्जे में लेकर उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। पूछताछ में सामने आया कि गिरफ्तार आरोपी दिल्ली का रहने वाला है और चेन स्नेचिंग की कई घटनाओं में शामिल रहा है। पुलिस सूत्रों के अनुसार आरोपी ने खड़खड़ी और कनखल क्षेत्र में हुई चेन स्नेचिंग की वारदातों के संबंध में भी महत्वपूर्ण जानकारी दी है।
मुठभेड़ के बाद फरार बदमाश की तलाश में पुलिस ने आसपास के क्षेत्र को घेर लिया। अंधेरे और झाड़ियों वाले इलाकों में पुलिस टीमों द्वारा लगातार कांबिंग की जा रही है। फरार आरोपी को पकड़ने के लिए जिले की अन्य पुलिस टीमों को भी अलर्ट किया गया है।
घटना की जानकारी मिलते ही एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर समेत वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके के लिए रवाना हुए और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस अब गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ के आधार पर चेन स्नेचिंग की अन्य घटनाओं और उसके फरार साथी के बारे में जानकारी जुटा रही है।
फिलहाल पुलिस की नजर फरार बदमाश की गिरफ्तारी पर है, जिसके लिए कांबिंग ऑपरेशन लगातार जारी है।

Arif Ansari

Chief Editor Dastak 24x7 News

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!