उत्तराखंडएक्सक्लूसिव खबरेंहरिद्वार

हरिद्वार पुलिस का फेक करेंसी गैंग नेटवर्क पर बड़ा खुलासा : पंजाब से फेक करेंसी गैंग का मास्टरमाइंड गिरफ्तार

हरिद्वार। हरिद्वार पुलिस ने नकली करेंसी के बड़े नेटवर्क का पर्दाफाश करते हुए पंजाब से गिरोह के दो और आरोपियों को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। रविवार को एसपी सिटी अभय प्रताप सिंह ने आयोजित प्रेसवार्ता में पूरे मामले का खुलासा करते हुए बताया कि कस्टडी रिमांड के दौरान मिली अहम जानकारी के आधार पर पुलिस टीम ने पंजाब में दबिश देकर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया। उनके कब्जे से 1.10 लाख रुपये की नकली भारतीय मुद्रा, नकली नोट छापने में इस्तेमाल होने वाला प्रिंटर और एक वरना कार बरामद की गई है।
एसपी सिटी ने बताया कि बीती 6 जुलाई को कोतवाली नगर पुलिस ने सरजीत सिंह, टिंकू, सुमित कुमार और संजीव कुमार को 84,500 रुपये की नकली करेंसी के साथ गिरफ्तार किया था। चारों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया था।

इसके बाद 10 जुलाई को टिंकू और सुमित को पुलिस कस्टडी रिमांड पर लेकर पूछताछ की गई, जिसमें पंजाब में सक्रिय गिरोह के अन्य सदस्यों की जानकारी सामने आई।पूछताछ में मिले इनपुट के आधार पर प्रभारी निरीक्षक कुंदन सिंह राणा के नेतृत्व में पुलिस टीम पंजाब रवाना हुई। टीम ने पठानकोट हाईवे स्थित ‘बापू दा ढाबा’ से ढाबा संचालक पवन कुमार को 5 हजार रुपये की नकली करेंसी के साथ गिरफ्तार किया। वहीं दूसरे आरोपी सुखबीर सिंह को 1 लाख रुपये की नकली करेंसी, नकली नोट छापने वाले प्रिंटर और वरना कार सहित दबोच लिया। जांच में सामने आया कि पवन ढाबे और सुखबीर कपड़े के कारोबार की आड़ में नकली नोटों का कारोबार चला रहे थे। दोनों असली 50 हजार रुपये के बदले 1 लाख रुपये की नकली करेंसी देकर मोटा मुनाफा कमाते थे।


एसपी सिटी ने बताया कि सुखबीर पहले बैंक फ्रॉड और जाली करेंसी के मामलों में जेल जा चुका है, जबकि पवन एनडीपीएस एक्ट के मामले में जेल रह चुका है। जेल में दोनों की दोस्ती हुई और वहीं से नकली करेंसी का कारोबार शुरू करने की योजना बनाई गई।


उन्होंने बताया कि एसएसपी नवनीत सिंह के निर्देशन में चल रही जांच के तहत पूरे नेटवर्क की पड़ताल की जा रही है। गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। गिरफ्तार दोनों आरोपियों को नियमानुसार न्यायालय में पेश किया जाएगा।
गिरफ्तार आरोपी:

1-पवन कुमार निवासी गुरदासपुर, पंजाब

2-सुखबीर सिंह निवासी अमृतसर,पंजाब|

 

पुलिस टीम: प्रभारी निरीक्षक कुंदन सिंह राणा, उपनिरीक्षक ऋषिकांत पटवाल, हेड कांस्टेबल संजय पाल, हेड कांस्टेबल सतीश नौटियाल, कांस्टेबल सुनील चौहान एवं कांस्टेबल अजीत तोमर।

Arif Ansari

Chief Editor Dastak 24x7 News

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!