हरिद्वार

कांवड़-कुंभ की चुनौती पर मंथन, ट्रैफिक और व्यवस्थाओं को लेकर उद्योग जगत से मांगे सुझाव

हरिद्वार। आगामी कांवड़ यात्रा और प्रस्तावित कुंभ मेले के दौरान यातायात संचालन, भीड़ प्रबंधन, औद्योगिक क्षेत्रों की आवाजाही और आपातकालीन व्यवस्थाओं को लेकर पुलिस प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में शुक्रवार को सीसीआर स्थित कॉन्फ्रेंस हॉल में पुलिस महानिरीक्षक गढ़वाल परिक्षेत्र राजीव स्वरुप की अध्यक्षता में जनपद की विभिन्न औद्योगिक इकाइयों के पदाधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण गोष्ठी आयोजित की गई।
बैठक में एसएसपी हरिद्वार नवनीत सिंह भुल्लर सहित जनपद के राजपत्रित पुलिस अधिकारी भी मौजूद रहे। इस दौरान कांवड़ यात्रा और कुंभ मेले के दौरान संभावित यातायात दबाव, रूट डायवर्जन, औद्योगिक इकाइयों में कार्यरत कर्मचारियों की आवाजाही, माल परिवहन, पार्किंग व्यवस्था, आपातकालीन सेवाओं की उपलब्धता तथा भीड़ नियंत्रण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।
आईजी राजीव स्वरुप ने उपस्थित उद्योग प्रतिनिधियों से तैयार की जा रही कार्ययोजना पर सुझाव आमंत्रित करते हुए कहा कि कांवड़ और कुंभ जैसे विशाल आयोजनों में यातायात प्रबंधन सबसे बड़ी चुनौती होती है। ऐसे आयोजनों के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा के साथ-साथ औद्योगिक गतिविधियों को भी सुचारू बनाए रखना प्रशासन की प्राथमिकता है।
बैठक में उद्योग जगत के प्रतिनिधियों ने भी अपने सुझाव साझा किए। पुलिस अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि सभी सुझावों का अध्ययन कर उन्हें कार्ययोजना में शामिल करने का प्रयास किया जाएगा ताकि कांवड़ यात्रा, चारधाम यात्रा और आगामी कुंभ मेले के दौरान बेहतर यातायात एवं व्यवस्थापन सुनिश्चित किया जा सके।

Arif Ansari

Chief Editor Dastak 24x7 News

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!