कनखल में चला ‘ऑपरेशन बंदर’, नगर निगम ने 30 से ज्यादा बंदर किए कैद

हरिद्वार। शहर में बढ़ती बंदरों की समस्या को देखते हुए नगर निगम हरिद्वार ने एक बार फिर “बंदर पकड़ो अभियान” शुरू कर दिया है। गुरुवार को कनखल क्षेत्र में चलाए गए विशेष अभियान के दौरान 30 से अधिक बंदरों को पकड़ा गया। यह कार्रवाई नगर आयुक्त नंदन कुमार (आईएएस) के निर्देश पर नगर निगम की अनुबंधित एजेंसी द्वारा की गई।
नगर निगम के अनुसार पिछले वर्ष भी चलाए गए अभियान में 400 से अधिक बंदरों को पकड़ा गया था, जिससे शहरवासियों को काफी राहत मिली थी। हालांकि हाल के दिनों में विभिन्न क्षेत्रों से बंदरों के आतंक की शिकायतें लगातार मिल रही थीं। शिकायतों के आधार पर कनखल क्षेत्र से अभियान की शुरुआत की गई है।
अधिकारियों ने बताया कि बंदरों द्वारा राहगीरों, महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों को परेशान करने, घरों में घुसकर सामान नुकसान पहुंचाने तथा धार्मिक स्थलों पर उत्पात मचाने की शिकायतें मिल रही थीं। नगर निगम ने संकेत दिए हैं कि आने वाले दिनों में शहर के अन्य प्रभावित इलाकों में भी अभियान चलाया जाएगा।
अभियान के दौरान मुख्य सफाई निरीक्षक संजय शर्मा, अतिक्रमण सहायक आदित्य तेश्वर एवं अनुबंधित एजेंसी के सदस्य मौजूद रहे। नगर निगम ने नागरिकों से बंदरों को खाना न खिलाने और समस्या वाले क्षेत्रों की सूचना निगम को देने की अपील भी की है।



