त्रिमूर्ति नगर में विकास की रफ्तार तेज, पार्षद अहसान अंसारी के प्रयासों से सड़क निर्माण कार्य शुरू

हरिद्वार। ज्वालापुर के वार्ड संख्या 44 त्रिमूर्ति नगर में लगातार जारी विकास कार्यों की कड़ी में रविवार को डॉक्टर अयूब वाली गली के पुनर्निर्माण कार्य का शुभारंभ किया गया। नगर निगम हरिद्वार की महापौर किरण जैसल ने वार्ड पार्षद अहसान अंसारी एवं स्थानीय नागरिकों की मौजूदगी में निर्माण कार्य का विधिवत उद्घाटन किया।
क्षेत्रवासियों द्वारा लंबे समय से इस गली के पुनर्निर्माण की मांग की जा रही थी। वार्ड पार्षद अहसान अंसारी ने इस जनसमस्या को गंभीरता से उठाते हुए नगर निगम की बोर्ड बैठक में प्रस्ताव रखा था, जिसके बाद कार्य को स्वीकृति मिली और अब निर्माण कार्य शुरू हो गया है।
महापौर किरण जैसल ने कहा कि नगर निगम शहर के सभी वार्डों में आधारभूत सुविधाओं को मजबूत बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों और जनता के सहयोग से विकास कार्यों को तेजी से आगे बढ़ाया जा रहा है ताकि नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें।
वार्ड 44 के निर्दलीय पार्षद एवं वरिष्ठ पत्रकार अहसान अंसारी ने कहा कि जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि वार्ड में सड़क, नाली, प्रकाश व्यवस्था और अन्य आवश्यक सुविधाओं के विकास के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। डॉक्टर अयूब वाली गली के निर्माण से स्थानीय लोगों को आवागमन में होने वाली समस्याओं से राहत मिलेगी और क्षेत्र का सौंदर्यीकरण भी होगा।
क्षेत्रवासियों ने पार्षद अहसान अंसारी के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि वह लगातार जनता के बीच रहकर उनकी समस्याओं को सुनते हैं और उनके समाधान के लिए सक्रियता से कार्य करते हैं। उनके प्रयासों से वार्ड में विकास कार्यों की गति लगातार बनी हुई है।
इस अवसर पर वाजिद अली, वसीम राव, जाफिर अंसारी, पर्यावरण पर्यवेक्षक अखिल कुमार, पर्यावरण पर्यवेक्षक कुसुम पाल, दानिश अंसारी, रियासत गौड़, आकिल भाई, सलीम सिद्दीकी तथा उत्तराखंड अन्य पिछड़ा वर्ग आयोग के सदस्य सज्जाद अहमद सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।



