
देहरादून। उत्तराखंड शासन ने शनिवार को बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए कई IAS और PCS अधिकारियों के तबादले कर दिए। जारी आदेशों के अनुसार विभिन्न विभागों और जिलों में अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
IAS अधिकारियों की सूची में देहरादून जिलाधिकारी सविन बंसल को सचिव नियोजन बनाया गया है, जबकि आशीष चौहान को देहरादून जिलाधिकारी की कमान दी गई है। वहीं बागेश्वर की जिलाधिकारी आकांक्षा कोण्डे को महानिदेशक विद्यालयी शिक्षा की जिम्मेदारी सौंपी गई है।


इसके अलावा GMVN के MD प्रतीक जैन को आयुक्त कर एवं महानिरीक्षक निबंधन बनाया गया है। शासन स्तर पर हुए इस फेरबदल को प्रशासनिक व्यवस्था में बड़ा बदलाव माना जा रहा है।
PCS अधिकारियों की सूची में हरिद्वार में भी कई बदलाव किए गए हैं। हरिद्वार के डिप्टी कलेक्टर जितेंद्र कुमार को अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) हरिद्वार बनाया गया है, जबकि योगेश मेहरा को देहरादून से हरिद्वार डिप्टी कलेक्टर भेजा गया है। वहीं अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) हरिद्वार फिन्चाराम को अपर जिलाधिकारी पौड़ी की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
शासन द्वारा जारी आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिए गए हैं और सभी अधिकारियों को शीघ्र नवीन तैनाती स्थल पर कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए गए हैं।



