जमीनी विवाद में रवि चौहान हत्याकांड का खुलासा : ज्वालापुर कस्साबान निवासी 2 सुपारी किलर गिरफ्तार, SSP नवनीत सिंह भुल्लर के नेतृत्व में बड़ी सफलता

हरिद्वार। ज्वालापुर क्षेत्र में रवि चौहान हत्याकांड का हरिद्वार पुलिस ने खुलासा करते हुए दो सुपारी किलर को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार हत्या जमीनी विवाद के चलते डेढ़ लाख रुपये की सुपारी देकर कराई गई थी।

17 अप्रैल 2026 को मृतक की पत्नी द्वारा गुमशुदगी दर्ज कराई गई थी, जिसके दो दिन बाद 19 अप्रैल को रवि चौहान का शव रानीपुर झाल से बरामद हुआ। शव मिलने के बाद पुलिस ने हत्या की आशंका में जांच तेज की और डिजिटल एविडेंस व मुखबिर तंत्र के आधार पर आरोपियों तक पहुंच बनाई।

पूछताछ में हिस्ट्रीशीटर नदीम और उसके साथी दानिश अली ने खुलासा किया कि उन्होंने सुपारी लेकर पहले मृतक को शराब पिलाई, फिर मारपीट कर गला घोंट दिया और शव को रानीपुर झाल में फेंक दिया।
जांच में सामने आया कि मृतक को उसके भाई द्वारा दी गई जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। इसी रंजिश में नाराज दामाद ने अपने भतीजे के साथ मिलकर हत्या की सुपारी दी।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के कब्जे से हत्या में प्रयुक्त बाइक (हीरो स्प्लेंडर) और सुपारी की रकम में से ₹61,000 बरामद किए हैं। सुपारी देने वाले मामा-भांजे फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है।
इस पूरे मामले में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर के नेतृत्व, SP सिटी अभय सिंह के निर्देशन, कोतवाल चंद्रभान सिंह व SSI हर्ष अरोड़ा की अगुवाई में पुलिस टीम ने सराहनीय कार्य करते हुए हत्याकांड का सफल खुलासा किया।



