हरिद्वार

हरिद्वार में ब्लाइंड मर्डर का खुलासा, पत्नी के प्रेमी को रास्ते से हटाने के लिए पति ने रची साजिश

हरिद्वार में दूधियाबंद बस्ती के पास जंगल में मिले अज्ञात शव के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। कोतवाली नगर पुलिस ने ब्लाइंड मर्डर की गुत्थी सुलझाते हुए हत्या के आरोप में एक दंपती को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, मृतक का महिला के साथ प्रेम संबंध था और वह लगातार महिला पर पति व बच्चों को छोड़कर उसके साथ आने का दबाव बना रहा था। इसी से परेशान होकर महिला ने अपने पति को पूरी बात बताई, जिसके बाद हत्या की साजिश रची गई।
17 सितंबर की सुबह दूधियाबंद बस्ती के पास जंगल में एक अज्ञात पुरुष का शव मिला था। मृतक के पास बिजनौर की बस का टिकट मिला था, लेकिन पहचान से संबंधित कोई दस्तावेज नहीं था। पुलिस ने आसपास के थानों और सीमावर्ती जनपदों में शव की पहचान के प्रयास शुरू किए। 20 सितंबर को हरिद्वार पहुंचे परिजनों ने मृतक की पहचान गोपाल पुत्र उमा चरण, निवासी नई बस्ती, आबकारी चौकी के पास, बिजनौर, उम्र करीब 50 वर्ष के रूप में की।
मृतक के बेटे आशु कुमार की तहरीर पर कोतवाली नगर हरिद्वार में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की। विवेचना के दौरान सामने आए साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने 21 सितंबर को मोतीचूर रेलवे स्टेशन से आरोपी दंपती को गिरफ्तार कर लिया।
इलाज के दौरान हुई थी महिला से मुलाकात
पूछताछ में पुलिस के मुताबिक सामने आया कि इसी वर्ष नरेन्द्र के फेफड़ों में पानी भरने के कारण मेरठ के एक अस्पताल में इलाज चल रहा था। इसी दौरान गोपाल के संपर्क में नरेन्द्र की पत्नी आई। गोपाल ने किसी तरह महिला का मोबाइल नंबर हासिल कर उससे बातचीत शुरू की। दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और महिला को आर्थिक मदद भी दी गई।
पुलिस के अनुसार, बाद में गोपाल महिला पर अपने परिवार को छोड़कर उसके साथ आने का दबाव बनाने लगा। महिला बच्चों से लगाव के चलते इसके लिए तैयार नहीं थी। रक्षाबंधन के दौरान महिला बिजनौर में गोपाल से मिलने पहुंची, जहां पति ने दोनों को पकड़ लिया। इसी दौरान गोपाल द्वारा नरेन्द्र से मारपीट किए जाने के बाद विवाद और बढ़ गया।
पुलिस का कहना है कि गोपाल महिला को लगातार फोन कर अपने साथ आने के लिए दबाव बना रहा था। आरोप है कि वह अश्लील वीडियो वायरल करने और जान से मारने की धमकी भी दे रहा था। परेशान होकर महिला ने पूरी बात अपने पति को बताई।
50 हजार रुपये में एक व्यक्ति को साथ किया तैयार
पुलिस के मुताबिक, महिला ने अपने पति को यह भी बताया कि गोपाल आपराधिक प्रवृत्ति का है और कई बार जेल जा चुका है। इसके बाद नरेन्द्र ने अपनी पत्नी और भाई के साथ मिलकर गोपाल को रास्ते से हटाने की योजना बनाई। पुलिस के अनुसार, योजना में गांव के ही एक अन्य व्यक्ति को 50 हजार रुपये में साथ शामिल किया गया।
मिलने के बहाने हरिद्वार बुलाया, घाट पर कर दी हत्या
पुलिस के अनुसार, योजना के तहत 16 सितंबर को महिला ने गोपाल को मिलने के लिए हरिद्वार बुलाया। रात में वह उसे गंगा घाट पर लेकर गई। वहां गोपाल के शराब पीने और खाना खाने के बाद सो जाने पर पहले से घात लगाए बैठे नरेन्द्र और अन्य आरोपियों ने चापड़ व छुरी से वार कर उसकी हत्या कर दी।
हत्या के बाद आरोपियों ने मृतक का मोबाइल फोन और पर्स निकालकर गंगा में फेंक दिया और वहां से फरार हो गए।
पुलिस ने मामले में नरेन्द्र पुत्र ओम प्रकाश, निवासी ग्राम मोमिनपुर दर्गो भारेरा, कोतवाली बिजनौर, उम्र 40 वर्ष और उसकी 36 वर्षीय पत्नी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल लोहे का चापड़ भी बरामद किया है।

पुलिस टीम में ये रहे शामिल
इस ब्लाइंड मर्डर के खुलासे में प्रभारी निरीक्षक कुंदन सिंह राणा के नेतृत्व में व0उ0नि0 नंद किशोर ग्वाड़ी, उ0नि0 नवीन सिंह चौहान, उ0नि0 नवीन नेगी, उ0नि0 खेमेंद्र गंगवार, उ0नि0 अंशुल अग्रवाल, अपर उ0नि0 संदीप वर्मा, हे0का0 संजय कुमार पाल, हे0का0 सतीश नौटियाल, का0 अजीत तोमर, का0 निर्मल, का0 राकेश कुमार, का0 पवन और म0का0 शोभा शामिल रहे।
सहयोगी टीम में CIU प्रभारी नरेंद्र बिष्ट और का0 वसीम शामिल रहे।

Arif Ansari

Chief Editor Dastak 24x7 News

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!