अर्बन हैल्थ एंड वेलनेस सेंटर के तत्वाधान में मदरसा रशीदिया में लगा एडोलिसेंट हेल्थ कैंप

हरिद्वार/ज्वालापुर। ज्वालापुर स्थित मदरसा दारुल उलूम रशीदिया में शनिवार को अर्बन हेल्थ एंड वैलनेस सेंटर की ओर से वार्ड 44 त्रिमूर्ति नगर के पार्षद अहसान अंसारी की अध्यक्षता में विशाल एडोलिसेंट चाइल्ड हेल्थ कैंप आयोजित किया गया। कैंप में 1122 बच्चों, किशोरियों और शिक्षकों ने भाग लेकर स्वास्थ्य जांच, परामर्श और जागरूकता सेवाओं का लाभ उठाया।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य किशोरावस्था के दौरान होने वाले शारीरिक, मानसिक और सामाजिक परिवर्तनों के प्रति जागरूकता बढ़ाना और बच्चों में बीमारियों की प्रारंभिक पहचान सुनिश्चित करना रहा। शिविर में बीपी मापन, एनीमिया जांच, पोषण स्क्रीनिंग, त्वचा एवं सामान्य रोगों की जांच, मानसिक स्वास्थ्य काउंसलिंग और स्वच्छता जागरूकता सत्र आयोजित किए गए।
स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने विद्यार्थियों को संतुलित आहार, नियमित व्यायाम और साफ-सफाई के महत्व के बारे में जानकारी दी। साथ ही जिन बच्चों में गंभीर या विशेष उपचार की आवश्यकता पाई गई, उन्हें आगे की जांच और उपचार के लिए अर्बन हेल्थ एंड वैलनेस सेंटर रेफर किया गया।
चिकित्सकों ने कहा कि किशोरावस्था में नियमित स्वास्थ्य जांच बच्चों के उज्ज्वल और स्वस्थ भविष्य के लिए बेहद जरूरी है। मदरसा प्रशासन ने भी ऐसे आयोजनों को विद्यार्थियों के समग्र विकास के लिए महत्वपूर्ण बताया।
शिविर के सफल आयोजन में डॉ. शुभम, डॉ. गौरव, डॉ. मृणालिनी, स्टाफ नर्स दीपिका, रीना, समरीन, स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं, वॉलंटियर्स और मदरसा स्टाफ सहित सीएमडी धर्मेंद्र चौधरी, मुख्य कार्यकारी प्रबंधक गीता वर्मा तथा फील्ड मैनेजर शहनाज हुसैन का विशेष सहयोग रहा।



