उत्तराखंड हाईकोर्ट को मिलेगा नया मुख्य न्यायाधीश, जस्टिस सुधीर सिंह के नाम की सिफारिश

नैनीताल। उत्तराखंड उच्च न्यायालय को नया मुख्य न्यायाधीश मिलने का रास्ता साफ होता नजर आ रहा है। सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम ने पटना हाईकोर्ट में कार्यरत न्यायमूर्ति सुधीर सिंह को उत्तराखंड हाईकोर्ट का मुख्य न्यायाधीश नियुक्त किए जाने की सिफारिश की है। यह सिफारिश 26 अक्टूबर 2026 को हुई कॉलेजियम की बैठक में की गई।
न्यायमूर्ति मनोज कुमार गुप्ता के 8 अक्टूबर 2026 को सेवानिवृत्त होने के बाद न्यायमूर्ति मनोज कुमार तिवारी उत्तराखंड हाईकोर्ट के कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। अब न्यायमूर्ति सुधीर सिंह के नाम की सिफारिश के बाद स्थायी मुख्य न्यायाधीश की नियुक्ति को लेकर तस्वीर स्पष्ट हो गयी है।
2015 में बने थे पटना हाईकोर्ट के अतिरिक्त न्यायाधीश
न्यायमूर्ति सुधीर सिंह ने वर्ष 1991 में अधिवक्ता के रूप में पंजीकरण कराया था। लंबे समय तक वकालत करने के बाद उन्हें 15 अप्रैल 2015 को पटना हाईकोर्ट का अतिरिक्त न्यायाधीश नियुक्त किया गया। इसके बाद 20 अप्रैल 2016 को वह स्थायी न्यायाधीश बने। वह पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट में भी न्यायाधीश के रूप में सेवाएं दे चुके हैं।



