दर्दनाक: गुस्सैल टस्कर हाथी ने वन गुर्जर को कुचलकर मार डाला, श्यामपुर रेंज के जंगल में दहशत

हरिद्वार। श्यामपुर रेंज के पीली अनुभाग से गुरुवार सुबह एक बेहद दर्दनाक घटना सामने आई, जहां एक गुस्सैल टस्कर हाथी ने वन गुर्जर को कुचलकर मौत के घाट उतार दिया। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है और वन विभाग ने लोगों से जंगल में आवाजाही से बचने की अपील की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार पीली अनुभाग की दियावाली बीट निवासी वन गुर्जर लमरू (58 वर्ष) गुरुवार सुबह करीब 7 बजे अपने बेटे मुन्नी और दामाद के साथ बाइक से गुर्जर बस्ती की ओर एक रिश्तेदार की फातिया में शामिल होने जा रहे थे। बताया जा रहा है कि जैसे ही तीनों दियावाली बीट के जंगल में स्थित ‘कब्रों वाले मोड़’ के पास पहुंचे, तभी उनका सामना एक व्यस्क नर टस्कर हाथी से हो गया।
हाथी को सामने देखकर तीनों कुछ समझ पाते, उससे पहले ही वह अचानक बाइक की ओर दौड़ पड़ा। जान बचाने के लिए तीनों बाइक छोड़कर अलग-अलग दिशाओं में भागने लगे, लेकिन लमरू हाथी की चपेट में आ गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हाथी ने पहले उन्हें सूंड से उठाकर पटक दिया और फिर पैरों से कुचल दिया, जिससे उनकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
किसी तरह जान बचाकर भागे बेटे और दामाद ने अन्य वन गुर्जरों और वन विभाग को घटना की सूचना दी। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम और स्थानीय वन गुर्जर मौके पर पहुंचे, लेकिन हाथी काफी देर तक शव के पास ही डटा रहा। वन विभाग की टीम ने कड़ी मशक्कत और हवाई फायरिंग के बाद हाथी को वहां से हटाया, जिसके बाद शव को कब्जे में लिया जा सका।
वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि यह वही टस्कर हाथी है, जो अपने आक्रामक व्यवहार और उत्पात के लिए जाना जाता है। पिछले दो-तीन दिनों से इसकी मूवमेंट दियावाली बीट के जंगल में लगातार देखी जा रही थी। विभाग की ओर से वन गुर्जरों और जंगल में आने-जाने वाले लोगों को पहले ही सतर्क कर दिया गया था और अनावश्यक रूप से जंगल में न जाने की सलाह दी गई थी।
फिलहाल हाथी को जंगल के भीतर खदेड़ दिया गया है, लेकिन उसके आसपास ही मौजूद होने की आशंका बनी हुई है। इसे देखते हुए वन विभाग की टीमें लगातार निगरानी कर रही हैं।
वन विभाग की अपील
बरसात के मौसम में जंगल घने और जोखिम भरे हो गए हैं, जिससे वन्यजीव और मानव के बीच संघर्ष की घटनाओं की आशंका बढ़ जाती है। वन विभाग ने लोगों से अपील की है कि सुबह तड़के और शाम के समय जंगल में जाने से बचें, अनावश्यक आवाजाही न करें और हाथी दिखाई देने पर तुरंत वन विभाग को सूचना दें।



