
हरिद्वार। बहादराबाद थाना क्षेत्र में हुए सनसनीखेज ब्लाइंड मर्डर केस का पुलिस ने खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह के निर्देशन में गठित पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र की मदद से उस हत्या की गुत्थी सुलझाई, जिसमें शुरुआत में न तो घटनास्थल स्पष्ट था और न ही शव बरामद हुआ था।
24 जुलाई 2026 को अलीपुर निवासी मोमिन ने अपनी पुत्री शहनुमा की हत्या का आरोप गांव के ही नावेद और उसके परिजनों पर लगाते हुए बहादराबाद थाने में तहरीर दी। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी के निर्देश पर विशेष टीम गठित की गई।
जांच के दौरान मुख्य आरोपी नावेद फरार हो गया था। पुलिस लगातार उसके संभावित ठिकानों पर दबिश देती रही। आखिरकार 27 जुलाई को मुखबिर की सूचना पर मंगलौर क्षेत्र के भगवानपुर चंदनपुर गांव के पास से आरोपी को हिरासत में ले लिया गया।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसका शहनुमा के साथ प्रेम संबंध था, लेकिन समय के साथ दोनों के बीच विवाद बढ़ने लगे। आरोपी का दावा है कि एक पारिवारिक शादी में डीजे पर डांस को लेकर दोनों में विवाद हुआ, जिसके बाद आपसी रिश्तों में खटास बढ़ती गई। उसने आरोप लगाया कि मृतका उसे ब्लैकमेल करने और विभिन्न मामलों में फंसाने की धमकी देती थी। (ये आरोपी द्वारा पूछताछ में किए गए दावे हैं।)
पुलिस के अनुसार आरोपी ने पूछताछ में बताया कि वह शहनुमा को कलियर ले गया, जहां दोनों एक होटल में रुके। अगले दिन तड़के उसने सुनसान इलाके में कथित रूप से गला दबाकर उसकी हत्या कर दी और पहचान छिपाने के उद्देश्य से शव को गंगनहर में फेंक दिया। बाद में वह सामान्य दिनचर्या का दिखावा करते हुए गांव लौट आया।
आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने मृतका का मोबाइल फोन और आधार कार्ड बरामद किया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले में आगे की विवेचना जारी है।
गिरफ्तार आरोपी:
नावेद (28 वर्ष), निवासी ग्राम अलीपुर, कोतवाली बहादराबाद, जनपद हरिद्वार।
बरामदगी:
मृतका का मोबाइल फोन
मृतका का आधार कार्ड
खुलासे में शामिल पुलिस टीम
व0उ0नि0 मनोज गैरोला
उ0नि0 विकास रावत
उ0नि0 हेमदत्त भारद्वाज
कानि. बलवन्त सिंह
कानि. अरुण चमोली
कानि. विकास थापा
कानि. सतेन्द्र चौधरी
कानि. (सीआईयू) वसीम



