कांवड़िए को गोली मारकर भागे युवक, कनखल पुलिस ने चंद घंटों में किया फायरिंग कांड का खुलासा

हरिद्वार। गुरुकुल कांगड़ी विश्वविद्यालय के पास कांवड़ यात्रा के दौरान कांवड़ यात्री को गोली मारने की सनसनीखेज घटना का हरिद्वार पुलिस ने त्वरित खुलासा करते हुए चार आरोपियों को हिरासत में ले लिया है। पुलिस के अनुसार मामूली कहासुनी और टिप्पणी के बाद शुरू हुआ विवाद फायरिंग तक पहुंच गया।
जानकारी के अनुसार रविवार देर रात डायल-112 के माध्यम से सूचना मिली कि गुरुकुल कांगड़ी विश्वविद्यालय के पास कांवड़ लेकर जा रहे एक युवक को बाइक सवार युवकों ने गोली मार दी है। सूचना मिलते ही कोतवाली कनखल पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
प्रारंभिक जांच में सामने आया कि उत्तर प्रदेश और हरियाणा से जल लेकर लौट रहे चार कांवड़ यात्रियों की 6-7 बाइक सवार युवकों से कहासुनी हो गई थी। इसी दौरान बाइक सवार युवकों ने पानीपत निवासी कांवड़ यात्री अजय पुत्र नरेश को गोली मार दी। घायल अजय को तत्काल भूमानंद अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे एम्स ऋषिकेश रेफर कर दिया गया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में पुलिस टीमों ने तेजी से कार्रवाई करते हुए घटना में शामिल शिवराज पुत्र जबर सिंह निवासी शांतिपुरम कॉलोनी, जगजीतपुर को घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल सहित हिरासत में ले लिया। इसके बाद फरार चल रहे आदित्य कुमार, हेमंत कुमार और वंश गुप्ता को भी उनके संभावित ठिकानों पर दबिश देकर हिरासत में लिया गया।
पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया है और अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ कठोरतम वैधानिक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।



