पथरी के आरक्षित वन में संदिग्ध की घुसपैठ, वन कर्मियों को देख भागा — मुकदमा दर्ज

हरिद्वार। पथरी क्षेत्र के आरक्षित वन में एक संदिग्ध व्यक्ति के घूमने की सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम तुरंत हरकत में आ गई। मुखबिर की सूचना पर पथरी वन चौकी का स्टाफ दोगीवाला के सामने स्थित आरक्षित वन क्षेत्र में सर्च अभियान के लिए पहुंचा।
तलाशी के दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति वन क्षेत्र में घूमता हुआ दिखाई दिया, जो वन कर्मियों को देखते ही मौके से भाग खड़ा हुआ। वन कर्मियों ने उसका पीछा भी किया, लेकिन वह काफी दूर तक दौड़कर फरार होने में सफल रहा।
सूत्रों के अनुसार, उक्त व्यक्ति खुद को समाजसेवी बताता है, लेकिन वन कर्मियों से आमना-सामना होने पर उसने मौके से भागने में ही अपनी भलाई समझी, जिससे उसकी गतिविधियां संदिग्ध प्रतीत हो रही हैं।
वन विभाग ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए संदिग्ध व्यक्ति के खिलाफ आरक्षित वन में बिना अनुमति प्रवेश करने पर सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
वन क्षेत्राधिकारी श्री शीशपाल सिंह ने बताया कि वनाग्नि काल को देखते हुए आरक्षित वन क्षेत्रों में निगरानी बढ़ा दी गई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि कोई भी व्यक्ति यदि बिना अनुमति वन क्षेत्र में घूमता पाया गया, तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
इसके साथ ही वन्य जीवों की सुरक्षा और अवैध कटान को रोकने के लिए वन कर्मियों को गश्त बढ़ाने के निर्देश भी जारी किए गए हैं।



