उत्तराखंडएक्सक्लूसिव खबरेंहरिद्वार

ऑपरेशन प्रहार: खुलेआम जाम छलकाने वालों पर चला सिडकुल पुलिस का डंडा, 62 नशेड़ी दबोचे

हरिद्वार।  जनपद में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर के नेतृत्व में चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के अंतर्गत थाना सिडकुल पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सार्वजनिक स्थानों, ढाबों और शराब की दुकानों के आसपास शराब पीकर हुड़दंग मचाने वाले कुल 62 लोगों को दबोचा।
एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर द्वारा जनपद के सभी थाना प्रभारियों को सार्वजनिक स्थानों पर शांति व्यवस्था बनाए रखने और महिलाओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए गए हैं। उन्हीं निर्देशों के अनुपालन में थानाध्यक्ष अजय शाह के नेतृत्व में सिडकुल पुलिस ने अलग-अलग टीमें गठित कर क्षेत्र में सघन अभियान चलाया।
फैक्ट्रियों की छुट्टी के समय महिलाओं पर फब्तियां कसने और सड़क किनारे शराब पीकर माहौल खराब करने की लगातार मिल रही शिकायतों पर सिडकुल पुलिस ने सख्त रुख अपनाया। अभियान के दौरान पुलिस टीम ने अलग-अलग स्थानों से 62 नशेड़ियों को पकड़कर उनके खिलाफ 81 पुलिस एक्ट के तहत चालानी कार्रवाई की तथा कुल ₹15,500 संयोजन शुल्क वसूला।
पूरे अभियान में थानाध्यक्ष अजय शाह व एसएसआई विकास रावत की सतर्क निगरानी और प्रभावी टीम समन्वय के चलते अभियान बेहद सफल रहा और क्षेत्र में हुड़दंग मचाने वालों में हड़कंप की स्थिति देखने को मिली।
सिडकुल पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीकर माहौल खराब करने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

Arif Ansari

Chief Editor Dastak 24x7 News

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!