ऑपरेशन प्रहार: हरिद्वार पुलिस की बड़ी कामयाबी, कर्नाटक से नाबालिग बच्ची सकुशल बरामद

हरिद्वार। थाना पिरान कलियर क्षेत्र में हरिद्वार पुलिस ने ऑपरेशन प्रहार के तहत बड़ी और संवेदनशील कार्रवाई करते हुए एक 14 वर्षीय नाबालिग बच्ची को कर्नाटक से सकुशल बरामद कर लिया। आरोपी महिला को भी गिरफ्तार कर लिया गया है।
मामला 10 अप्रैल 2026 का है, जब लखनऊ निवासी महिला, जो वर्तमान में मुकर्बपुर कलियर में रह रही है, ने थाने में शिकायत दर्ज कराई कि उसकी 14 वर्षीय बेटी को पड़ोस में रहने वाली एक महिला कपड़े दिलाने के बहाने बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गई और वापस नहीं लौटी।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एसपी देहात और सीओ रुड़की के पर्यवेक्षण में पुलिस टीम का गठन किया गया।
जांच के दौरान पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगाले और मोबाइल लोकेशन ट्रेस करते हुए आरोपी की लोकेशन कर्नाटक के बैंगलोर में चिन्हित की। इसके बाद पुलिस टीम ने बिना समय गंवाए कर्नाटक पहुंचकर स्थानीय पुलिस की मदद से 16 अप्रैल को नाबालिग बच्ची को सकुशल बरामद कर लिया।
पूछताछ में सामने आया कि आरोपी महिला बच्ची को रुड़की, सहारनपुर और दिल्ली होते हुए ट्रेन से बैंगलोर ले गई थी। उसका उद्देश्य बच्ची से भीख मंगवाना और उसे गलत कार्यों में धकेलना था।
इस पूरे ऑपरेशन में थाना प्रभारी कमल मोहन भण्डारी के नेतृत्व और SSI देवेंद्र सिंह तोमर की सक्रिय भूमिका बेहद सराहनीय रही। दोनों अधिकारियों के कुशल निर्देशन और टीमवर्क के चलते पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए बच्ची को सुरक्षित बरामद कर एक बड़ी घटना को होने से टाल दिया।
पुलिस की तत्परता से न सिर्फ एक मासूम को गलत हाथों में जाने से बचाया गया, बल्कि एक बेबस मां को उसकी खोई हुई खुशी भी वापस मिली। आर्थिक रूप से कमजोर और बीमार मां को जब उसकी बेटी सकुशल मिली, तो उसके चेहरे पर राहत और खुशी साफ झलक रही थी।
इस सफल कार्रवाई पर स्थानीय लोगों ने हरिद्वार पुलिस की जमकर सराहना की। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने भी पूरी टीम की पीठ थपथपाते हुए उनके कार्य की प्रशंसा की।
👮♂️ पुलिस टीम:
प्रभारी निरीक्षक कमल मोहन भण्डारी
व0उ0नि0 देवेंद्र सिंह तोमर
अ0उ0नि0 रामअवतार
हो0का0 सोनू कुमार
म0कानि0 सरिता राणा



