उत्तराखंडएक्सक्लूसिव खबरेंहरिद्वार

गांधीगिरी के अंदाज में मंडी कर्मचारियों का प्रदर्शन, लंबित मांगों पर सरकार का ध्यान खींचने की कोशिश

रुद्रपुर। उत्तराखंड मंडी समिति कर्मचारी संघ ने अपनी लंबित मांगों को लेकर गुरुवार को मंडी मुख्यालय रुद्रपुर में गांधीगिरी के अनोखे अंदाज में शांतिपूर्ण सांकेतिक प्रदर्शन किया। कर्मचारियों ने शांति पाठ और धरना देकर अपनी मांगों के प्रति मंडी प्रशासन का ध्यान आकर्षित किया तथा समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग उठाई।


प्रदर्शन का नेतृत्व मंडल अध्यक्ष लवकेश कुमार गिरी ने किया। इस दौरान कर्मचारियों ने कहा कि लंबे समय से उनकी विभिन्न मांगें लंबित पड़ी हुई हैं, लेकिन संबंधित अधिकारियों द्वारा अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। इसी के विरोध में कर्मचारियों ने अहिंसात्मक और शांतिपूर्ण तरीके से अपनी नाराजगी व्यक्त की।
कर्मचारी संघ द्वारा निदेशक, उत्तराखंड कृषि उत्पादन विपणन बोर्ड को सौंपे गए ज्ञापन में नियमों के विरुद्ध की गई पदोन्नतियों को तत्काल निरस्त करने, संशोधित वरिष्ठता सूची जारी कर पात्र कर्मचारियों को पदोन्नति देने, लंबित एसीपी (ACP) प्रकरणों को शीघ्र स्वीकृत करने तथा सेवानिवृत्त कर्मचारियों को उत्तर प्रदेश मंडी परिषद की तर्ज पर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने की मांग की गई है।
संघ के पदाधिकारियों ने कहा कि कर्मचारियों की जायज मांगों के समाधान के लिए कई बार पत्राचार किया जा चुका है, लेकिन अभी तक कोई सकारात्मक परिणाम सामने नहीं आया है। उन्होंने उम्मीद जताई कि विभागीय अधिकारी कर्मचारियों की समस्याओं का शीघ्र निस्तारण करेंगे और लंबित मामलों में न्यायपूर्ण निर्णय लेंगे।
प्रदर्शन के उपरांत कर्मचारी प्रतिनिधिमंडल ने निदेशक मंडी को ज्ञापन सौंपते हुए मांगों पर जल्द कार्रवाई की अपील की। संघ पदाधिकारियों ने चेतावनी दी कि यदि मांगों का शीघ्र समाधान नहीं किया गया तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।
इस अवसर पर प्रांतीय अध्यक्ष राजेंद्र सिंह, नारायण सिंह राणा, अजय यादव सहित कई कर्मचारी उपस्थित रहे।

Arif Ansari

Chief Editor Dastak 24x7 News

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!