हरिद्वार

ऑपरेशन प्रहार के तहत बहादराबाद पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 50 नशीले इंजेक्शनों के साथ राव रिहान गिरफ्तार

हरिद्वार। उत्तराखंड पुलिस मुख्यालय द्वारा चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार-2026” अभियान के तहत बहादराबाद पुलिस ने नशे के कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को 50 नशीले इंजेक्शनों के साथ गिरफ्तार किया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के निर्देशन, पुलिस अधीक्षक नगर एवं क्षेत्राधिकारी ज्वालापुर के निकट पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक बहादराबाद के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने यह सफलता हासिल की।
पुलिस के अनुसार 16 जून 2026 को गश्त एवं चेकिंग के दौरान नहर पटरी से ज्वालापुर की ओर जाने वाले हैंडपंप के पास से राव रिहान पुत्र अहसान निवासी बढ़ेड़ी राजपूतान, कोतवाली बहादराबाद को गिरफ्तार किया गया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 50 नशीले इंजेक्शन बरामद हुए।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह डी-फार्मा का छात्र रहा है तथा उसका मेडिकल स्टोर भी है। दवाइयों की अच्छी जानकारी होने के कारण उसने लालच में आकर नशीले इंजेक्शनों की तस्करी शुरू कर दी। आरोपी ने बताया कि सिडकुल क्षेत्र में मजदूरों के बीच ऐसे इंजेक्शनों की मांग अधिक होने के कारण वह उन्हें बेचकर लाभ कमाता था।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से बरामद 50 नशीले इंजेक्शन (BUPRENORPHINE INJECTION IP LEGESIC) जब्त कर लिए हैं। मामले में आरोपी के खिलाफ धारा 8/22/29 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
बहादराबाद पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में नशीले कैप्सूल और इंजेक्शन बेचने वालों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा तथा युवाओं को नशे की गिरफ्त में धकेलने वालों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस टीम में शामिल रहे— उपनिरीक्षक विकास रावत, कांस्टेबल नितुल यादव तथा कांस्टेबल पंकज बिष्ट।

Arif Ansari

Chief Editor Dastak 24x7 News

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!